दशहरे की रात सामूहिक दुष्कर्म ..

असत्य पर सत्य की विजय का पर्व दशहरे की रात रावण दहन के बाद कुछ जीवित रावणों ने बड़वानी में मानसिक रूप से विक्षिप्त युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर नर पिशाचिता का परिचय दिया। यहां शराब के नशे में धुत तीन युवकों ने घर के बाहर बैठी एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवती को साथ ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया…

युवती जब अगले दिन अपने घर पहुंची, तब उसके कपड़े और शरीर पर लगे चोट के निशान देखने के बाद परिजनों को उसके साथ हुए इस कृत्य की आशंका हुई, जिसके बाद वे उसे लेकर शिकायत दर्ज करने थाने पहुंचे। जहां पुलिस ने छानबीन के बाद तीन युवकों को गिरफ्तार कर रविवार देर शाम इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल पाटीदार ने बताया कि पुलिस ने घटना की तुरंत रिपोर्ट दर्ज करते हुए छानबीन शुरू की और लड़की का मेडिकल कराया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इनमें से गली के नुक्कड़ की एक दुकान के फुटेज से सामने आया कि एक लड़का इस लड़की को धक्का देकर ले जा रहा है, और उसके बाद आगे जाकर दो लड़के और उसके साथ हो जाते हैं, जिसको लेकर पुलिस ने छानबीन की तो दो आरोपी पकड़े गए। जिन्होंने कबूला कि उन्होंने इस लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है