महिलाएं हमेशा सच्चाई का साथ देती हैं- कमलनाथ

छिंदवाड़ा जिला मुख्यालय और जुन्नारदेव क्षेत्र के हिरदागढ़ की महिलाओं को रोजगार से जोडऩे छिंदवाड़ा सांसद नकुलनाथ एवं मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बड़ी सौगात दी है। सैकड़ों महिलाएं अब आत्मनिर्भर बनेंगी। जल्द ही वे परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत करेंगी।
सांसद नकुलनाथ एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की पहल पर अर्थ संगिनी स्वयंसेवी संस्था इंदौर ने सेनेटरी पैड एवं पनीर, घी यूनिट जिले में लगाई है। दोनों यूनिट के उदघाटन कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि कमलनाथ ने अपने उदबोधन में कहा कि महिलाएं हमेशा सच्चाई का साथ देती है। 40 वर्ष पहले कोई महिला सशक्तिकरण की बात नहीं होती थी, लेकिन आज महिला सशक्तिकरण बहुत ही महत्वपूर्ण है।

अर्थ संगिनी स्वयंसेवी संस्था इंदौर के सहयोग से  छिंदवाड़ा जिले में दो यूनिट का मुख्य अतिथि कमलनाथ एवं नकुलनाथ के द्वारा शुभारंभ किया । छिंदवाड़ा में सेनेटरी पैड निर्माण यूनिट एवं नवेगांव हिरदागढ़ में पनीर घी निर्माण यूनिट लगाई गई। अर्थ संगिनी स्वयंसेवी संस्था की शानू मेहता ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाएं अपने आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रयास करें और इन दोनों यूनिट के माध्यम से महिलाएं ही इसमें सेनेटरी पैड और पनीर बनाएंगी और वही इसे बाजार में बेचेंगे। इससे जो लाभांश आएगा उसको आपस में बांट लेंगी। जुन्नारदेव क्षेत्र के हिरदागढ़ में दूध से पनीर और घी बनाने की इकाई की स्थापना की गई है। इस इकाई से 110 महिलाओं को रोजगार से जोड़ा जाएगा। जिससे वह स्वयं अपने क्षेत्र में काम कर रोजगार प्राप्त करेंगी। आने वाले समय में ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को जोडऩे का लक्ष्य रखा गया है। छिंदवाड़ा में 56 महिलाओं को रोजगार से जोड़ा जाएगा जिसमें 6 महिलाएं सामग्री निर्माण का काम करेंगी, जबकि 50 महिलाएं सामग्री को बाजार में बेचेंगी।