दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर ..

आज भोर होने के साथ ही कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में 144 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। इनमें कई सीटें ऐसी हैं जिन पर भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। इन सीटों में छिंदवाड़ा,लहार, बुधनी जैसी विधानसभा सीटें शामिल हैं। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से लेकर सीएम शिवराज सिंह चौहान तक की सीटें शामिल हैं ….

बीते 18 सालों से सत्ता भोग रहे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधनी सीट से मैदान में हैं। कांग्रेस यह सीट 20 साल से नहीं जीत पाई है। शिवराज सिंह यहां से 1990, 2006, 2008, 2013 और 2018 में विधायक बने। 2003 में यहां से भाजपा के ही राजेंद्र सिंह विधायक बने थे। इस बार कांग्रेस ने शिवराज के खिलाफ विक्रम मस्ताल शर्मा को टिकट दिया है। मस्ताल 2008 में प्रसारित ‘रामायण’ धारावाहिक में भगवान हनुमान का किरदार अदा कर चुके हैं। वे जुलाई में ही कांग्रेस में शामिल हुए थे। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश में बुधनी के ही निवासी हैं। कांग्रेस में शामिल होने के बाद उन्होंने कमलनाथ को प्रगति पुरुष करार दिया था।

भाजपा ने इस बार अप्रत्याशित रूप से  वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय को  इंदौर-1 से टिकट दिया है। कांग्रेस ने यहां से दोबारा संजय शुक्ला पर भरोसा किया  है। शुक्ला ने पिछली बार भाजपा के सुदर्शन गुप्ता को हराया था।

जिस बड़ा मलहरा सीट से कभी उमा भारती विधायक बनी थीं, वहां से कांग्रेस ने साध्वी राम सिया भारती को टिकट दिया है। यहां से भाजपा ने प्रद्युम्न सिंह लोधी को उम्मीदवार बनाया है। 2018 में लोधी कांग्रेस के टिकट पर यहां से चुनाव जीते थे। 2020 में वे भाजपा में शामिल हो गए और उपचुनाव में जीते।

प्रदेश के भिंड जिले की लहार विधानसभा सीट से कांग्रेस ने डॉ. गोविंद सिंह को दोबारा मैदान में उतारा है। वे सात बार से यहां से विधायक हैं। तीन दशक से यहां भाजपा नहीं जीत पाई है। उनका मुकाबला इस बार भाजपा के अंबरीश शर्मा गुड्डू से है। शर्मा पहले बसपा में थे और बाद में भाजपा में शामिल हुए थे। इन विधानसभा सीटों पर मुकाबला कांटे का होने बाला है ! सभी की निगाहें यहीं टिकी रहेंगी ..मिडिया रिपोर्ट