छपारा की वो काली सुबह, जब एक घर राख हो गया ..
सिवनी जिले के छपारा कस्बे में, महावीर वार्ड नंबर 07 में जैन मंदिर के पास वाला घर गहरी नींद में था। अंदर एक ही छत के नीचे तीन पीढ़ियां सो रही थीं। किसी को नहीं पता था कि अगले आधे घंटे में यह घर श्मशान में बदल जाएगा।करीब 4 से 4:30 बजे के बीच अचानक घर से चीखों और धुएं की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
घर में उस वक्त कुल 10 लोग थे। लोगों ने बाहर से दरवाजे-खिड़कियां पीटे, पानी डाला, बचाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि अंदर फंसे 6 लोग बाहर नहीं निकल सके। मृतकों में घर के सबसे बुजुर्ग कुंदन लाल सोनी (75) और उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी (65) भी शामिल हैं। इसके अलावा ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और महज 16 साल का आदित्य सोनी भी इस आग में जिंदा जल गए।
जिन्हें बचा लिया गया ..
किस्मत से 4 लोग इस भयानक आग से बच गए – 7 साल की मासूम अमायरा सोनी, रितेश सोनी (45), सौरभ सोनी (43) और 14 साल का आकर्ष सोनी। उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
अभी तक यह साफ नहीं है कि आग आतिशबाजी से लगी या शॉर्ट सर्किट से। पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया है। सभी 6 शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पूरे इलाके में मातम पसरा है। एक रात पहले तक जो घर दीयों और हंसी से भरा था, आज वहां सिर्फ राख, जली हुई दीवारें और रोते-बिलखते रिश्तेदार बचे हैं।छपारा पुलिस मामले की जांच कर रही है।