विषवमन कर रहे हैं दिग्विजय : वीडी शर्मा

मध्यप्रदेश के धार जिले में स्थित भोजशाला के आज  से शुरू हुए एएसआई के सर्वे पर सियासत तेज हो गई है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ये हर चुनाव में हिंदू-मुसलमान करते हैं। इस पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि इस मामले में धार्मिक भेदभाव का आरोप लगाना कोर्ट की अवमानना है….

पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने धार के भोजशाला में एएसआई के सर्वे पर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि  अब इनको सर्वे की बात सूझी है। उन्होंने कहा कि देश में संविधान, नियम और कानून का पालन होना चाहिए। संविधान का मतलब उसमें बताए आर्टिकल्स के माध्यम से नियम कानून बनाए जाते हैं, उसका पालन किया जाए। क्या यह हो रहा है?

राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह के बयान पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि एएसआई के सर्वे पर आपत्ति दिग्विजय सिंह की तुष्टीकरण की राजनीति है। उन्होंने कहा कि एएसआई के सर्वे पर दिग्विजय का धार्मिक भेदभाव का आरोप न्यायालय की अवमानना है। चुनाव बांड को लेकर दिग्विजय के बयान पर शर्मा ने कहा कि भाजपा से कम सांसद होने के बाद भी इंडी गठबंधन को ढाई गुना अधिक चंदा मिला है। उन्होंने कहा कि अदालत की अवमानना करने के साथ देश-प्रदेश का वातावरण कांग्रेस नेता बिगाड़ रहे हैं। शर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह कांग्रेस की राजनीतिक जमीन दरकती देख बौखला गए हैं। दिग्विजय सिंह भोजशाला पर राजनीति लाभ लेने के लिए विषवमन कर रहे हैं….