पांढुर्णा जिले के सर्वांगीण विकास को नई गति देने के उद्देश्य से आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पांढुर्णा जिले के प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक ली, सेवा सेतु शिविर में विभागीय प्रदर्शनियों का अवलोकन एवं हितलाभ वितरण किया तथा वृद्धजनों का सम्मान और बच्चों से आत्मीय संवाद किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सांदीपनी विद्यालय, पांढुर्णा में आयोजित जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि पांढुर्णा सहित प्रदेश के नवीन जिलों के विकास में कोई कसर नहीं रहेगी। नागरिकों की सुख-सुविधा और जिलों का द्रुत गति से विकास शासन की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को उद्योगों और स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। इसके लिए उद्योगों को बढ़ावा, कृषि पर नवाचार, स्किल डेवलपमेंट, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने हनुमान लोक के अगले चरण के कार्यों को तीव्र गति से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर नीरज वशिष्ठ ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी कि जिले में अब तक 112 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जिनमें सांदीपनी विद्यालय पांढुर्णा एवं सौंसर, पुलिस कंट्रोल रूम और हनुमान लोक प्रथम चरण शामिल हैं। 248 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रचलित हैं। हनुमान लोक लोकार्पण के बाद मंदिर की औसत मासिक आय 25 लाख से बढ़कर 60 लाख रुपये हो गई है तथा प्रथम चरण की 57 दुकानों की नीलामी से लगभग 11 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई है।
बैठक में सांसद विवेक बंटी साहू, विधायक निलेश ऊईके, विधायक विजय चौरे, पूर्व मंत्री नाना भाऊ मोहोड़, संभागायुक्त धनंजय सिंह, आईजी प्रमोद वर्मा, कलेक्टर नीरज वशिष्ठ, एसपी श्री प्रकाश चंद्र परिहार सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
स्थानीय उत्पादों और महिला स्व-सहायता समूहों के हस्तशिल्प की सराहना, हितग्राहियों को हितलाभ वितरित
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सांदीपनी स्कूल परिसर में आयोजित सेवा सेतु अभियान – सरकार आपके द्वार शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल का अवलोकन किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत मेधावी विद्यार्थी कु. श्वेता साबले, दीपांशु पराड़कर और दिव्या करबे को स्कूटी प्रदान कर शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने वन विभाग के आयुर्वेदिक उत्पाद, ऊर्जा विभाग की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के अचार, सॉस, मसाले तथा महिला एवं बाल विकास के पौष्टिक व्यंजनों का अवलोकन किया।
मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्टॉल पर महिला स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा निर्मित लिप्पन आर्ट, मोजेक आर्ट, टी-लाइट क्राफ्ट सहित अन्य हस्तशिल्प उत्पादों की सराहना की।
इस दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए गए – ड्रिप इरिगेशन हेतु 1 लाख अनुदान, प्रधानमंत्री श्रम योगी पेंशन, वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, श्रवण यंत्र, व्हीलचेयर, पीएम आवास योजना 2.0, खाद्यान्न पात्रता पर्ची, बायो रिसोर्स सेंटर एवं आयुष्मान कार्ड।
मुख्यमंत्री ने किया वृद्धजनों का सम्मान, बच्चों को किया दुलार
सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत “हमारे वृद्ध, हमारा स्वाभिमान” एवं “हमारे बच्चे, हमारा स्वाभिमान” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वृद्धजनों का शॉल-श्रीफल से सम्मान कर फलों की टोकरी भेंट की और आत्मीय संवाद किया।
मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के बच्चों को ड्रॉइंग किट, मिठाइयां और चॉकलेट वितरित कर दुलार किया।