बालाघाट से कमलनाथ को चुनाव लडाने का मन बना रही है कांग्रेस ..

आज कांग्रेस की सेंट्रल इलेक्शन कमेटी की बैठक होना है जिसमे मध्यप्रदेश से तीन नेता शामिल होंगे। इसमें स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष रजनी पाटिल के साथ प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह, मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और सीईसी के सदस्य ओंकार सिंह मरकाम शामिल होंगे…शशांक माहुले की रिपोर्ट 

प्रदेश में भाजपा से लोकसभा की टिकटे फायनल होने के बाद आज प्रदेश के दिग्गज नेता लोकसभा चुनाव के उम्मीदवारों के नाम फाइनल करने में जुट गए हैं। आज कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। अनुमान यही लगाया जा रहा है कि इस बैठक के बाद कांग्रेस की बहुप्रतीक्षित सूची जारी हो जाएगी।

इस बैठक में मध्यप्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को लोकसभा चुनाव लड़वाने का फैसला हो सकता है। कांग्रेस की चुनाव समिति अगर इसकी मंजूरी देती है, तो दिग्विजय सिंह के साथ-साथ कमलनाथ, नकुलनाथ, कांतिलाल भूरिया, अरुण यादव, बाला बच्चन, सज्जन सिंह वर्मा, फूल सिंह बरैया, तरुण भनोत जैसे बड़े चेहरे लोकसभा चुनाव लड़ते नजर आएंगे।   इस बैठक में मध्यप्रदेश की 10 से 15 सीटों पर उम्मीदवारों का एलान किया जा सकता है। पहली सूची में छिंदवाड़ा, बैतूल, राजगढ़, बालाघाट, झाबुआ, गुना, धार, देवास, सीधी लोकसभा सीट पर नाम घोषित किए जा सकते हैं। आचार संहिता लगने से पहले ही कांग्रेस की सूची आ सकती है। ऐसी उम्मीद है कि 8 या 9 मार्च को कांग्रेस की पहली सूची आ जाएगी।

जानकारों की बात पर यकीन किया जाय तो कांग्रेस मध्यप्रदेश के दिग्गज नेताओं को लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए कांग्रेस नेतृत्व निर्देश दे सकता है। कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष रजनी पाटिल कह चुकी हैं कि हमारी ये इच्छा है कि सभी वरिष्ठ नेता लोकसभा का चुनाव लड़ें।कांग्रेस में अगर प्रदेश के दिग्गज नेताओं के लोकसभा चुनाव लड़ने को लेकर सहमति बन जाती है, तो पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह राजगढ़ संसदीय सीट से लोकसभा के उम्मीदवार हो सकते हैं। इस सीट पर दिग्विजय सिंह का प्रभाव है। राघौगढ़ सीट भी इसी संसदीय क्षेत्र में आती है। यहां से दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह विधायक हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा से नकुलनाथ का नाम लगभग तय है। नकुलनाथ पिछला चुनाव भी जीत चुके हैं। जबकि कमलनाथ कह चुके हैं कि छिंदवाड़ा में नकुलनाथ ही चुनाव लड़ेंगे। पार्टी के भीतर कमलनाथ को भी उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा जोरों पर है। कमलनाथ छिंदवाड़ा से लगी हुई सीट बालाघाट से प्रत्याशी बनाए जा सकते हैं। हालांकि इस पर अंतिम फैसला कमलनाथ की सहमति और केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी के बाद ही होगा।