छात्र राजनीति का ‘दंगल’, NSUI-ABVP आमने-सामने, पुलिस से भी झूमा-झटकी..

छिंदवाड़ा। शासकीय पीजी कॉलेज का कैंपस सोमवार को छात्र राजनीति का अखाड़ा बन गया। NSUI के 17 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहे उग्र प्रदर्शन के बीच ABVP कार्यकर्ताओं के कॉलेज परिसर में पहुंचते ही आग में घी डालने का काम हो गया। देखते ही देखते दोनों छात्र संगठनों में जमकर कहासुनी और फिर धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

सूचना पर मौके पर पहुंचे CSP अभिषेक चौधरी खुद छात्रों के निशाने पर आ गए। पुलिस द्वारा बीच-बचाव की कोशिश के दौरान छात्र नेताओं की पुलिस से भी तीखी झूमा-झटकी हो गई। हालात इतने बेकाबू हुए कि दो महिला पुलिसकर्मियों समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, बैरिकेड तक टूट गए।

हंगामा यहीं नहीं थमा। प्रदर्शनकारी जब प्राचार्य कक्ष में पहुंचे तो वहां भी जमकर हंगामा हुआ। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे को मोर्चा संभालना पड़ा। ABVP कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर खुलेआम एकतरफा कार्रवाई और भेदभाव का आरोप जड़ दिया। पुलिस और छात्रों के बीच तीखी बहस के बाद ASP ने छात्रों को कड़ी नसीहत देते हुए अनुशासन में रहने की हिदायत दी और बैठक अधूरी छोड़कर दूसरे कक्ष में चले गए।

17 सूत्रीय मांगों पर अड़ा NSUI

NSUI जिला अध्यक्ष अपेक्षा सूर्यवंशी के नेतृत्व में छात्रों ने छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से तत्काल कराने की हुंकार भरी। इसके साथ ही कॉलेज में रिक्त पड़े शैक्षणिक पदों पर भर्ती, लाइब्रेरी का विस्तार, खेल मैदान और खेल सामग्री, कैरियर काउंसलिंग, प्लेसमेंट सेल, हेल्प डेस्क और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने जैसी 17 मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की। छात्रों ने आरोप लगाया कि परीक्षा, रिजल्ट में धांधली, छात्रवृत्ति और मार्कशीट में लेटलतीफी से उनका भविष्य बर्बाद हो रहा है, जबकि कॉलेज परिसर में अवैध कब्जे और बाहरी संगठनों की गतिविधियों पर प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है।

पहले से सूचना के बाद भी फेल रहा पुलिस का इंटेलिजेंस !

सबसे बड़ा सवाल पुलिस की कार्यप्रणाली पर खड़ा हो रहा है। NSUI का आरोप है कि प्रदर्शन की पूर्व सूचना और अनुमति के बाद भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई। जब दोनों विरोधी संगठन आमने-सामने आ गए तो पुलिस मूकदर्शक बनी रही। पहले से जानकारी होने के बावजूद खुफिया तंत्र पूरी तरह फेल साबित हुआ, जिसके चलते पीजी कॉलेज जंग का मैदान बन गया।

इस दौरान नगर कांग्रेस अध्यक्ष सोनू मांगो, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष गोलू पटेल, कांग्रेस प्रवक्ता नितिन उपाध्याय समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और NSUI पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं पुलिस की ओर से कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेंद्र भगत, धर्मटेकड़ी चौकी प्रभारी श्री बघेल समेत भारी पुलिस बल तैनात था।