महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने बांटी चुटकी भर शक्कर ..

छिन्दवाड़ा में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन: जनता की हथेली पर चुटकी भर शक्कर रखकर बताया – भाजपा राज में इतनी ही बची है मिठास

– कलेक्ट्रेट पहुंचकर राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, ई-20, पेट्रोल-डीजल, बिजली और रसोई गैस के दाम कम करने की मांग

भाजपा की केन्द्र और प्रदेश सरकार द्वारा आम जनता पर थोपी गई कमरतोड़ महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर जोरदार हल्ला बोला। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व सांसद नकुलनाथ और प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर जिला कांग्रेस के मार्गदर्शन एवं शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित यह विरोध प्रदर्शन चर्चा का विषय बन गया।

राजीव भवन से शुरू हुआ कांग्रेस का महंगाई विरोधी मार्च जब हाथों में तख्तियां लिए बाजार में पहुंचा तो उसका अंदाज सबसे अलग था। कांग्रेस के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने आम लोगों की हथेली पर एक चुटकी शक्कर रखकर महंगाई का एहसास कराया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार ने शक्कर के दाम इस कदर बढ़ा दिए हैं कि अब आम आदमी के जीवन में इतनी ही मिठास शेष रह गई है। त्योहार के ठीक पहले शक्कर जैसे रोजमर्रा के खाद्य पदार्थ के दाम बेतहाशा बढ़ाना सीधे जनता की थाली पर हमला है। भाजपा की अनीति के कारण आज गृहणियां रसोई में मीठा पकवान बनाने से पहले बजट पर दस बार सोचने को मजबूर हैं।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। मुख्य बाजार से होते हुए कांग्रेसजन कलेक्ट्रेट पहुंचे और वहां राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर महंगाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

ज्ञापन में कांग्रेस ने रखी ये प्रमुख मांगें –

1. महंगाई पर लगे लगाम: केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकार सोची-समझी साजिश के तहत जनता पर महंगाई का बोझ डाल रही है। इससे मध्यम वर्ग त्रस्त है और आर्थिक असमानता बढ़ रही है, तत्काल राहत भरे फैसले लिए जाएं।

2. शक्कर के दाम वापस लो: त्योहार से पहले शक्कर के दाम बढ़ाना जनविरोधी निर्णय है। हर घर में इस्तेमाल होने वाली शक्कर महंगी होने से मिठाई से लेकर हर मीठी सामग्री आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गई है।

3. ई-20 और पेट्रोल-डीजल की लूट बंद हो: पेट्रोल में ई-20 इथेनॉल मिलावट से दोपहिया और चौपहिया वाहन लगातार खराब हो रहे हैं। जनता पहले से ही पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों से परेशान है, ऊपर से गाड़ी सुधारने का अतिरिक्त खर्च। ई-20 मिलावट बंद कर पेट्रोल-डीजल के दाम तत्काल कम किए जाएं।

4. बिजली बिल का झटका कम करो: बढ़ी हुई बिजली दरों से घरेलू उपभोक्ता, किसान और छोटे-बड़े उद्योग-व्यापार सभी कराह रहे हैं। कच्चे माल की महंगाई से जूझ रहे व्यापारी अब बिजली के भारी बिलों से टूट रहे हैं।

5. रसोई गैस के दाम घटाओ: धुआं रहित जीवन का सपना दिखाने वाली भाजपा सरकार ने उज्ज्वला से लेकर आम गृहणियों तक की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है।

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि महंगाई पर अंकुश नहीं लगा तो यह आंदोलन गांव-गांव और घर-घर तक जाएगा।