छिंदवाड़ा में बम धमाका और बैंक लूट की कोशिश ! जांबाज SI ने लुटेरे को दबोचा

छिंदवाड़ा में ‘फिल्मी स्टाइल’ में बैंक लूटने की साजिश: धमाका, खून और जांबाज SI की दिलेरी ने लुटेरों को किया पस्त !

आज दोपहर, छिंदवाड़ा का परासिया रोड अचानक एक खौफनाक वारदात का केंद्र बन गया।जब बैंक ऑफ इंडिया (BOI) की शाखा को लूटने आए बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए ‘रस्सी बम’ और पेट्रोल का खतरनाक कॉकटेल तैयार किया था। लेकिन वे भूल गए थे कि उनका सामना जागरूक नागरिकों और निडर पुलिस से होने वाला है।

✍️ राकेश प्रजापति 

इस रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात की इनसाइड स्टोरी कुछ यूं है:

खौफनाक साजिश की शुरुआत ..

शातिर बदमाश पूरी तैयारी के साथ बैंक पहुंचे थे। उन्होंने पहली मंजिल पर स्थित बैंक का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए। उनका मकसद साफ था—लॉकर तोड़ना और लाखों का कैश लेकर फरार होना। उन्होंने सुबूत मिटाने और खौफ पैदा करने के लिए बैंक की फाइलों वाले हिस्से में आग भी लगा दी। लेकिन उनकी हरकतों ने आसपास के लोगों के कान खड़े कर दिए और तुरंत कोतवाली पुलिस को अलर्ट कर दिया गया।

पुलिस की एंट्री और बम धमाका !

जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, एक के बाद एक दो शटर पार कर अंदर घुसी। पुलिस को देखते ही अंदर छिपे लुटेरे के पसीने छूट गए। खुद को घिरता देख उसने शटर उठाया और पेट्रोल से भीगे ‘रस्सी बम’ में आग लगाकर सीधा धमाका कर दिया ! आग और धुएं के गुबार से बैंक में दहशत का माहौल बन गया।

जांबाज SI बघेल: लहूलुहान हुए, लेकिन पकड़ ढीली नहीं पड़ी

धमाके के तुरंत बाद सब-इंस्पेक्टर (SI) नारायण बघेल ने बिना अपनी जान की परवाह किए धुएं के बीच से लुटेरे पर झपट्टा मारा। खुद को बचाने के लिए बौखलाए बदमाश ने SI बघेल पर नुकीले हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। अफसर का हाथ बुरी तरह लहूलुहान हो गया, खून बहने लगा, लेकिन खाकी की पकड़ ढीली नहीं पड़ी। घायल होने के बावजूद इस जांबाज अफसर ने आरोपी को जमीन पर पटक कर दबोच लिया।

एक गिरफ्तार, दूसरे की तलाश में पुलिस का ‘सर्च ऑपरेशन’

लुटेरों ने लॉकर तोड़ने की पूरी कोशिश की थी, लेकिन पुलिस की बिजली जैसी फुर्ती ने उन्हें एक फूटी कौड़ी भी नहीं ले जाने दी।

  • मौके पर एक्शन: घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) अजय पांडे तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

  • फॉरेंसिक जांच: फिंगर प्रिंट टीम के एक्सपर्ट आनंद तिवारी ने मौके से अहम सुराग जुटाए हैं।

  • आगे की कार्रवाई: पुलिस ने बैंक के चप्पे-चप्पे की सघन तलाशी ली है। एक आरोपी सलाखों के पीछे है, जबकि उसके दूसरे फरार साथी को दबोचने के लिए पुलिस की टीमें शहर भर में आक्रामक रूप से छापेमारी कर रही हैं।

इस घटना ने यह साबित कर दिया है कि छिंदवाड़ा के नागरिकों की सतर्कता और पुलिस के हौसले के आगे अपराधियों का कोई भी ‘फिल्मी प्लान’ टिक नहीं सकता !