देश में सबसे बड़ी राशि का वितरण,सिंगल क्लिक से ..

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बैतूल में प्रदेश के 49 लाख 85 हजार किसानों को 7618 करोड़ की राशि सिंगल क्लिक से बैंक खातों में जमा कराई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल योजना की यह देश में सबसे बड़ी राशि का वितरण है। 7618 करोड़ तो हमने अभी खाते में जमा किए हैं। जब फसल खराब हुई तब 2876 करोड़ राहत की राशि दी गई थी। इस तरह कुल 10 हजार 494 करोड़ रुपये की राशि फसल बीमा और राहत राशि के रूप में दी गई है। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया..उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार होती थी तब बीमा क्यों नहीं मिलता था। इसका जवाब सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कमल नाथ और दिग्विजय सिंह को जवाब देना होगा..

प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी तो किसानों के साथ बड़ा पाप का काम किया गया। फसल बीमा की प्रीमियम की राशि ही प्रदेश सरकार ने नही कराई जिससे किसानों को फसल नुकसान होने पर कोई लाभ नहीं मिला।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 2003 तक दिग्विजय सिंह ने पूरे प्रदेश को तबाह और बर्बाद करने का काम किया। 10 साल के दिग्विजय सिंह के कार्यकाल में किसानों को मात्र आठ करोड़ की राशि ही फसल नुकसान पर दी गई। जब कमल नाथ आए तो कई जगह बर्बाद हुई फसलों का सर्वे तक नहीं किया गया। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार ने बैतूल के एक लाख 28 हजार 474 किसानों को 376 करोड़ रुपये से अधिक की राशि आज फसल बीमा के लिए दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 22 माह के कार्यकाल में भाजपा की प्रदेश सरकार ने एक लाख 73 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि अलग-अलग माध्यमों से किसानों को दी गई है।कांग्रेसी केवल झूठे वादे और घोषणा करते हैं। जिन प्रदेशों में चुनाव हो रहे हैं वहां कह रहे कर्ज माफ कर देंगे। पर मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ में तो धेला भर भी नहीं किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान के कल्याण में हम कोई कसर नही छोड़ेंगे। बैतूल में छोटी बड़ी बैराज से बांध बनाने तक की कई योजनाएं हैं। जिनका भूमिपूजन किया गया। हर किसान के खेत में पानी पहुंचाने का काम किया जाएगा। नहरों से बहाकर नहीं पाइप से खींचकर पानी पहुंचाने की योजना बन रही हैं। बिना पानी के खेती नही होती। भाजपा सरकार ने हर हिस्से में सिंचाई की योजना बनाई है। 2024 तक नर्मदा के जल का पूरा उपयोग हमें करना है। कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। भगवान न करे कोई प्राकृतिक आपदा आए।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसान रात दिन मेहनत करता है। कई बार आपदा आती है फसल बर्बाद हो जाती है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों प्रदेश के जिन किसानों की फसलें ओलावृष्टि से नष्ट हुई हैं उन्हें जल्द ही राहत राशि सिंगल क्लिक से मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी आश्चर्य करते हैं कि ये राशि ला कहां से रहे हैं। जब मन में सेवा की भावना होती है तो लक्ष्मी जी भी कृपा करती हैं।
श्री चौहान ने कहा कि दो कोरोना की लहर आई। तीसरी चल रही है। कल हमने कई प्रतिबंध हटा दिए हैं। प्रधानमंत्री ने फ्री वैक्सीन लगवा रहे हैं। जिन लोगों ने नहीं लगवाए हैं वे लगवा लें। कांग्रेसी कहते थे ये मोदी वैक्सीन है फिर चुपचाप से लगवा आए। मास्क की सावधानी रखना। कोविड खत्म नही हुआ है। कामकाज चलना चाहिए। दो लहरों में हमने न तो विकास रूकने दिया और न ही काम।

गौरव दिवस मनाने का दिलाया संकल्प :- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अपने गांव को संपूर्ण रूप से विकसित करना है। नर्मदा जयंती पर जैत का गौरव दिवस मनाया। हर व्यक्ति को हमने जमा किया। सरकार के साथ गांव के लोगों ने ही निर्णय लिया। अपने गांव का एक दिन गौरव दिवस मनाएं। गांव को आगे बढ़ाने का संकल्प लें। हर गांव का मास्टर प्लान बनाएं। तय करें कि एक साल में यह काम होंगे तो सुव्यवस्थित विकास होगा।

कार्यक्रम को वर्चुअल रूप से संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि मध्य प्रदेश में आज यह ऐतिहासिक दिन है जब प्रधानमंत्री फसल बीमा की 7618 करोड़ रुपए की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 49 लाख 85 हजार किसानों के बैंक के अकाउंट में सीधे जमा की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की खेती किसानी को लेकर संवेदनशील सोच और नीतियों से आज मध्य प्रदेश कृषि क्षेत्र में देश में अग्रणी है।

श्री तोमर ने कहा कि यह मध्य प्रदेश के किसानों के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबी उन्मूलन एवं कृषि क्षेत्र के विकास के लिए नित नई योजनाएं बनाकर काम कर रहे हैं जिससे समाज के हर वर्ग का विकास होगा। बैतूल में आयोजित प्रदेश स्तरीय फसल बीमा वितरण कार्यक्रम को वर्चुअल रूप से नई दिल्ली से संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि शिक्षित युवाओं को कृषि क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार द्वारा अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ड्रोन खरीदने के लिए केंद्र सरकार युवाओं और किसानों को अनुदान देगी। केंद्र की ड्रोन पॉलिसी से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। ड्रोन से कृषि कार्य करने के साथ ही इसे रोजगार का साधन भी बनाया जा सकेगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य के कृषि मंत्री कमल पटेल ने प्रदेश में किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दूरदराज क्षेत्र से आए हजारों किसान मौजूद थे ….बेतूल से मयंक भार्गव