कोरोना वायरस से संक्रमित महिला की मौत ..

उज्जैन निवासी कोरोना वायरस से संक्रमित एक महिला की आज बुधवार मौत हो गई। 65 वर्षीय महिला का इंदौर के एमवाई अस्पताल में इलाज चल रहा था। राज्य में ये पहली और देश में 11वीं मौत है। महिला को पहले सांस लेने में तकलीफ थी और तीन दिन पहले इंदौर के एमवाई अस्पताल रेफर किया गया था। संदिग्ध लगने पर कोरोना जांच के लिए सैंपल भेजा गया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 

महिला का किसी भी तरह से दूसरों से संक्रमित होने की कोई जानकारी नही है । महिला के परिवार के अन्य लोगों को भी जांच के लिए लाया गया है। बताया जा रहा है कि महिला के परिवार का एक व्यक्ति घर से भाग गया है। स्वास्थ्य विभाग को चिंता है कि अगर वह दूसरों के संपर्क में आया तो संक्रमण फैलने का खतरा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
इंदौर के जिलाधिकारी लोकेश कुमार जाटव ने बताया कि उज्जैन की रहने वाली 65 वर्षीय महिला की इंदौर के शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय में मौत हुई है। वह कोरोना वायरस से संक्रमित थी। सांस लेने में ज्यादा दिक्कत होने से मरीज की हालत काफी बिगड़ गई थी। वह मधुमेह की गंभीर मरीज भी थी। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

जिलाधिकारी ने बताया कि महिला के अंतिम संस्कार के वक्त तय प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा ताकि इसमें शामिल होने वाले लोगों को कोरोना वायरस संक्रमण की गिरफ्त में आने से बचाया जा सके। उन्होंने बताया कि महिला का अंतिम संस्कार करने वाले लोगों को इस संक्रमण से सुरक्षा के साधन मुहैया कराए जायेंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि यह महिला शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती पांच मरीजों में से एक हैं। डॉक्टरों द्वारा इन पांचों लोगों के कुल 29 परिजनों की शुरूआती जांच कर ली गई है। लेकिन इनके परिजनों में कोरोना वायरस संक्रमण के लक्षण फिलहाल नहीं पाए गए हैं। हम उनकी सेहत पर निगाह रखते हुए उनकी आगामी जांच करा रहे हैं।

इंदौर में कोरोना वायरस के पांच नए केस :- वहीं इंदौर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती दो महिलाओं समेत पांच मरीजों में कोरोना वायरस संक्रमण की आज बुधवार को पुष्टि हुई। इनमें से किसी भी मरीज ने पिछले दिनों विदेश यात्रा नहीं की थी। यानी वे देश के भीतर ही इस घातक बीमारी की जद में आए हैं।                                                                                                                                 साभार मिडिया रिपोर्ट