प्रदेश का 53वां जिला होगा मऊगंज ..

प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आगामी चुनावों को लेकर अभी से तैयार है बे लगातार घोषणा पर घोषणा कर जनमत अपने पक्ष में तैयार करने में लगे हुए है  ! इसी तारतम्य में आज रीवा जिले से अलग कर मऊगंज को नया जिला बनाने की घोषणा की हैं। मऊगंज प्रदेश का 53वां जिला होगा। इसमें चार तहसीलें होंगी। मऊगंज, हनुमना और नईगढ़ी के अलावा नई तहसील देवतालाब भी इसमें शामिल होगी। मऊगंज को जिला बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। 15 अगस्त को मऊगंज में तिरंगा फहराया जाएगा ….

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मऊगंज में संबल योजना के तहत 27,310 श्रमिक परिवारों को 605 करोड़ रुपये की अनुग्रह सहायता राशि का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि मैं चौथी बार मुख्यमंत्री क्यों बना? मैं रीवा जिले का नहीं हूं। पहले टनल का उद्घाटन करने आया, फिर एयरपोर्ट का उद्घाटन करने आया। मैं मुख्यमंत्री क्यों बना इसका एक और कारण है। मैंने मऊगंज को वादा किया था और उसे पूरा करना था।

शिवराज ने कहा कि नए जिले मऊगंज में 382 गांव नईगढ़ी तहसील के, 341 गांव मऊगंज के, 343 गांव हनुमना के हैं। देवतालाब अलग तहसील बनेगी। इन चार तहसीलों को मिलाकर नया जिला बनेगा। मैं इसका नक्शा भी लेकर आया हूं। मामा की तैयारी पूरी है। परीक्षा से पहले तैयारी करके आया हूं।आगामी 15 अगस्त को मऊगंज पर तिरंगा फहराया जाएगा। मामा मुख्यमंत्री इसी के लिए तो बना है। जिला बनेगा तो और भी विकास के कार्य करने होंगे। जिला बनते ही यहां कई काम होंगे। टाउन हॉल, शहर के अंदर टू-लेन सड़क, औद्योगिक क्षेत्र जैसी बातें कही गई हैं। हनुमना में डिग्री कॉलेज भी खोला जाना है।

शिवराज ने इस मौके पर श्रेय लेने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि यह भाजपा की सरकार है। जो वचन देते हैं, उसे पूरा करते हैं। कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र को वचन पत्र कहा था। कर्जा माफी से लेकर न जाने कितने वचन दिए थे। कर्जा माफ किया था क्या? उनकी कर्जा माफी की वजह से जो किसान डिफॉल्टर हो गए और उनका 2,500 करोड़ रुपये का ब्याज भी मामा भरवाएगा। भाजपा की सरकार भरवाएगी।