भाजपा को एक साथ दो झटके ..

प्रदेश में विधानसभा चुनाव  को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई है ! सभी पार्टियों के नेता अपने भविष्य को लेकर चिंतित है और होना भी चाहिए जहाँ भी अपना पासा कमजोर नजर आता है वह विरोधी खेमे में अपने को समाहित कर लेता है और इन सब घटनाओं से पार्टी की सेहत पर कोई ख़ास फर्क नही पड़ता है ,परन्तु जनमानस पर इसका प्रभाव जरुर नजर आने लगता है ….

इसी तारतम्य में आज कटनी जिले से दो भाजपा नेता कांग्रेस में शामिल हुए। विजयराघोगढ़ से पूर्व विधायक ध्रुव प्रताप सिंह और पिछड़ा वर्ग के नेता शंकर महतो ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली। भाजपा को एक साथ कटनी जिले में दो झटके लगे है। इससे पहले कांग्रेस में पूर्व मंत्री दीपक जोशी, अशोक नगर जिले से यादवेंद्र सिंह और शिवपुरी से बैजनाथ यादव कांग्रेस में शामिल हो चुके है।

इस मौके पर पूर्व विधायक ध्रुव प्रताप सिंह ने कहा कि पिछले पांच सालों से भाजपा अपनी मूल विचारधारा से हट चुकी है, भ्रष्टाचार चरम पर है। यह लोकतंत्र नहीं है। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को लेकर कहा कि बिना मैदानी अनुभव के पार्टी का अध्यक्ष बन गए। जिससे उनका दिमाग खराब हो गया। उनके पास कार्यकर्ताओं से बात करने का समय ही नहीं है। उन्होंने विजयराघवगढ़ से विधायक संजय पाठक को दुर्योधन बताया। उन्होंने कहा ऐसे दुर्योधन हर जिले में है।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि इन्होंने सच्चाई का साथ दिया है। भाजपा को चुनाव के पहले कर्मचारी और किसान याद आ रहे है। यह घोषणा और झूठ की मशीन है। जनता भाजपा को समझ चुकी है। भाजपा को जनता बिदाई देने वाली है।