भाजपा के पास सिर्फ सात दिन और बचे हैं : कमलनाथ

आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इंदौर पहुंचीं। तीन दिन में प्रियंका का यह दूसरा इंदौर दौरा था। दोपहर को प्रियंका ने सांवेर में एक जनसभा को संबोधित किया। प्रियंका गांधी ने हर-हर महादेव के नारे के साथ इंदौर की धरती को नमन किया। प्रियंका ने सांवेर के उल्टे हनुमान मंदिर का जिक्र करते हुए राम कथा का प्रसंग सुनाया और कहा सांवेर आकर यह कहना जरूरी है कि आपने 2018 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार चुनी थी, जिसे छल करके गिरा दिया गया। जिस तरह से अहिरावण ने भगवान राम और लक्ष्मण के साथ छल किया, ठीक वैसा ही आपके साथ हुआ है। कुछ बहरूपियों ने छल-कपट करके आपकी सरकार का अपमान किया। आज, यदि आप हनुमानजी की तरह नहीं बनेंगे और अपने लिए नहीं लड़ेंगे, तो कौन लड़ेगा ?

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि सांवेर की धरती से छल शुरू हुआ था। सांवेर से भाजपा प्रत्याशी तुलसी सिलावट का नाम लिए बिना प्रियंका गांधी ने कहा कोरोना के समय जब प्रदेश के तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री के ऊपर लोगों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी थी। उस समय वे सरकार की सौदेबाजी कर रहे थे। उन्होंने सरकार में मिलावट का काम किया है। प्रियंका गांधी ने कहा हर नेता की सेहत के लिए अच्छा होता है कि थोड़े दिन वह राजनीति से बाहर रहें। सांवेर की जनता से प्रियंका ने कहा कि तुलसी घर बैठेंगे तब उन्हें सबक मिलेगा।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, भाजपा के पास सिर्फ सात दिन और बचे हैं। हनुमानजी की जय के साथ कमलनाथ ने बोला सांवेर का संबंध रामायण के समय से है। सांवेर गद्दारी का प्रतीक है क्योंकि यहां के भाजपा उम्मीदवार और प्रदेश मंत्री छल करके भाजपा में शामिल हुए और जनता के साथ विश्वासघात किया। उन्होंने कहा सबका हिसाब होगा और कांग्रेस सबका हिसाब करेगी।