छिंदवाड़ा और पाण्डुर्णा में बेटियों ने गाड़े झंडे ..

MP Board Result 2026: छिंदवाड़ा-पाण्डुर्णा में सरकारी स्कूलों का दबदबा, बेटियों ने फिर लहराया परचम

मेधा का महासंग्राम: छिंदवाड़ा और पाण्डुर्णा के विद्यार्थियों ने गाड़े सफलता के झंडे!

छिंदवाड़ा/पाण्डुर्णा : मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों का इंतज़ार खत्म हुआ। माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा घोषित परिणामों ने जिले में उत्साह की लहर दौड़ा दी है। 161 केंद्रों पर हुई इस परीक्षा में न केवल जिले का दबदबा दिखा, बल्कि सरकारी स्कूलों और बेटियों ने सफलता की एक नई इबारत लिख दी है।

परीक्षा के ‘सुपर’ आंकड़े: एक नज़र में

जिले ने इस वर्ष शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है:

परीक्षा  श्रेणी कुल परीक्षार्थी सफलता का प्रतिशत प्रथम श्रेणी
हाईस्कूल (10वीं) 23,775   79.0%।  12,880। 
हायर सेकेंडरी (12वीं) 17,879 81.9% 11,742

बेटियों ने फिर मारी बाजी

परंपरा को बरकरार रखते हुए इस वर्ष भी बेटियों ने बेटों को पीछे छोड़ दिया है।

  • 10वीं: छात्राएं 83.5% रही, जबकि छात्र 73.8% पर रहे।

  • 12वीं: छात्राओं का परिणाम 83.3% रहा, जबकि छात्र 80% पर रहे।

सरकारी स्कूलों का जलवा: निजी संस्थाओं को पछाड़ा

इस बार जिले की शासकीय संस्थाओं ने अपनी गुणवत्ता का लोहा मनवाया है। हाईस्कूल में सरकारी स्कूलों का परिणाम 85.43% रहा, जो निजी स्कूलों (70.43%) के मुकाबले कहीं अधिक है। इसी तरह 12वीं में भी सरकारी स्कूल 81.51% के साथ आगे रहे।

गौरव के क्षण: मेरिट सूची में कब्जा

जिले के होनहारों ने प्रदेश की प्रावीण्य सूची (Merit List) में भी अपनी जगह सुरक्षित की है:

  • हाईस्कूल: जिले के 13 मेधावी छात्र प्रदेश की मेरिट लिस्ट में शामिल।

  • हायर सेकेंडरी: 05 मेधावी छात्रों ने राज्य स्तर पर गौरव बढ़ाया।

‘द्वितीय अवसर’ परीक्षा: अब असफलता का डर नहीं !

मण्डल ने इस वर्ष से ‘पूरक परीक्षा’ को ‘द्वितीय अवसर परीक्षा’ में बदल दिया है।

  • कौन दे सकता है ? जो छात्र फेल हो गए हैं या अनुपस्थित थे, और वे भी जो अपने अंकों में सुधार (Improvement) चाहते हैं।

  • खास बात: प्रथम और द्वितीय अवसर में से जिसमें अंक अधिक होंगे, वही मान्य होंगे।

  • आवेदन तिथि: 15 अप्रैल से 22 अप्रैल (रात 12 बजे तक)।

  • परीक्षा तिथि: 07 मई से 25 मई, 2026 तक।

  • नोट: पुनर्गणना (Revaluation) या उत्तर पुस्तिका की छायाप्रति के लिए परिणाम के 10 दिनों के भीतर MP Online पोर्टल या MPBSE ऐप के माध्यम से आवेदन करें।

बधाइयों का तांता ..

कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायण (छिंदवाड़ा), श्री नीरज वशिष्ठ (पाण्डुर्णा), सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार और डीईओ श्री जी.एस. बघेल ने जिले के शानदार प्रदर्शन पर सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह सफलता कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।

अगर आपकी अंकसूची में कोई लिपिकीय त्रुटि (Spelling mistake etc.) है, तो अगले 3 माह तक उसे निःशुल्क सुधारा जा सकता है। देर न करें!

#MPBoardResult #ChhindwaraNews #Pandhurna #EducationNews #MPBSE2026