राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान का समय समाप्त ..

राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान की अवधि शाम पांच बजे खत्म हो गई। इसी के साथ संसद में मतपेटियों को बंद कर दिया गया। अब 21 जुलाई को चुनाव के नतीजों का एलान होगा ! भारत में 16वें राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान शाम 5 बजे खत्म हो गया। वोटिंग में कुल 4800 निर्वाचित सांसद और विधायकों ने हिस्सा लिया। चुनाव में एनडीए की ओर से उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत और इसके साथ ही देश के शीर्ष संवैधानिक पद पर पहली बार आदिवासी महिला की ताजपोशी लगभग तय है। 27 दलों के समर्थन  के  साथ द्रौपदी मुर्मू का पलड़ा भारी है। वहीं, महज 14 दलों का समर्थन के साथ सिन्हा को करीब 3.62 लाख वोट ही मिलने की उम्मीद है। नतीजों का ऐलान 21 जुलाई को होगा..

तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम सोमवार को राष्ट्रपति चुनाव में पीपीई किट पहनकर वोट देने पहुंचे। उनकी तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही हैं।
असम से AIUDF के विधायक करिमुद्दीन बारभुइया ने दावा करते हुए कहा है कि असम में कांग्रेस के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है।
करिमुद्दीन के मुताबिक, कांग्रेस ने रविवार को बैठक बुलाई थी। लेकिन इसमें सिर्फ 2-3 विधायक पहुंचे थे। सिर्फ जिला अध्यक्ष ही मीटिंग में पहुंचे थे। इससे साफ होता है कि कांग्रेस के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। इतना ही नहीं उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के 20 से ज्यादा विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। उन्होंने कहा कि परिणाम आने के बाद आपको नंबर पता चल जाएगा।
कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, अधीर रंजन चौधरी, शशि थरूर ने संसद पहुंचकर राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना वोट डाला।
शिरोमणि अकाली दल बादल में बगावत हो गई है। हलका दाखा के विधायक मनप्रीत सिंह अयाली ने पार्टी हाईकमान पर गंभीर आरोप लगाते हुए राष्ट्रपति चुनाव का बायकॉट कर दिया है। पंजाब में गठबंधन टूटने के बावजूद अकाली दल बादल ने बीजेपी की राष्ट्रपति प्रत्याशी को वोट करने का फैसला किया था। लेकिन अकाली दल के विधायक मनप्रीत सिंह अयाली ने पार्टी के फैसले को दरकिनार कर राष्ट्रपति चुनाव का बायकॉट कर दिया है | कुछ देर पहले लाइव होकर विधायक अयाली ने अपने इस फैसले की जानकारी दी।