महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन ..

छिंदवाड़ा- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री कमलनाथ के निर्देशानुसार कांग्रेस ने आज जिला मुख्यालय पर दो स्थानों में बढ़ती महंगाई के विरोध में धरना प्रदर्शन किया। केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए अनोखे अंदाज में रसोई गैस सिलेंडर को फूल माला पहनाकर महंगाई के खिलाफ विरोध जताया..

देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार ने महंगाई बढ़ाकर आम जनता को लूटने का नया रास्ता निकाला है। गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों का गुजर बसर नहीं हो रहा। महिलाओं के रसोई का बजट गड़बड़ा चुका है, क्योंकि पेट्रोलियम पदार्थों के महंगे होने की वजह से अन्य खाद्य सामग्री के दाम भी आसमान छूृ रहे हैं। महंगाई से आमजन त्रस्त और भाजपा सरकार मस्त है। महंगाई मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आज जिला व शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने शहर के मुख्य चौक और चौराहों पर भाजपा सरकार के खिलाफ धरना दिया।

कांग्रेस ने अपने शांतिपूर्ण प्रदर्शन में भाजपा की अन्य जनविरोधी नीतियों के खिलाफ भी आवाज बुलंद की। कांग्रेस ने धरना स्थल पर उपस्थित पदाधिकारियों व आमजन को सम्बोधित करते हुए कहा कि महंगाई से मुक्ति पाने के लिए भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकना होगा तभी आम आदमी को महंगाई और बेरोजगारी से राहत मिलेगी। भाजपा महंगाई बढ़कर आम जनता को लूट रही है और आने वाले समय में इसका सभी को मिलकर जवाब देना होगा।

जिला एवं शहर कांग्रेस के तत्वावधान में महंगाई के खिलाफ आयोजित धरना प्रदर्शन कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी चौक (फव्वारा चौक) से हुई। बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ता हाथों में महंगाई विरोधी तख्तियां लेकर सबसे पहले महात्मा गांधी चौक पहुंचे। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन कर महंगाई मुक्त भारत अभियान का बिगुल फूंकते हुए केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर बरसे। फव्वारा चौक के उपरांत जेल तिराहा, पुलिस के सामने से होते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मॉडल रेलवे स्टेशन के सामने पहुंचे। कांग्रेस के पदाधिकारियों ने यहां रसोई गैस सिलेंडर को फूल माला पहनाकर अनोखे अंदाज में महंगाई के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।

-पेट्रोल-डीजल-गैस के दामों की मूल्य वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग
छिंदवाड़ा- जिला कांग्रेस सेवादल द्वारा पेट्रोल-डीजल-गैस-खाद्य पदार्थों की मूल्य वृद्धि के विरोध में जिले के समस्त विकासखण्ड में हल्ला बोल प्रदर्शन किया गया। बढ़ाए गए दामों को तत्काल कम करने की मांग को लेकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष सुरेश कपाले ने बताया कि पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार 9 दिनों से बढाए जा रहे हैं। पेट्रोल-डीजल के दामों में 5 रूपए 60 पैसे की वृद्धि की गई और प्रतिदिन केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल के दामों में 60 पैसे, 70 पैसे, 80 पैसे की वृद्धि की जा रही है। अक्टूबर 2021 में 13 राज्यो की 29 विधानसभा और 3 लोकसभा सीटों पर उपचुनाव हुए।

भाजपा को उम्मीद के अनुसार नतीजे नहीं मिले उसके बाद पेट्रोल पर केन्द्र सरकार के द्वारा 5 रूपये का टैक्स हटा दिया गया था। नवंबर से मार्च तक 5 राज्यों में चुनाव हुए इस दौरान  कच्चे तेलों के दाम 72.6 फीसदी तक बढ़े लेकिन केंद्र सरकार के दबाव में कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़ाए गए लेकिन जैसे ही 10 मार्च को 5 राज्यों में से 4 राज्यों के चुनाव परिणाम भाजपा के पक्ष में आए तो भाजपा की केंद्र सरकार के द्वारा 12 दिनों के बाद प्रतिदिन 60 पैसा, 70 पैसे,  80 पैसे दाम बढ़ाए गए जबकि 30 मार्च तक कच्चे तेल के दाम 6.79 फीसदी गिरावट के साथ 104.84 डॉलर बैरल रहा। यह उच्चतम स्तर से 31 फीसदी कम है और कच्चे तेलों के दाम लगातार घट रहे हैं ,लेकिन केंद्र सरकार लगातार पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ा रही है।

चुनाव के दौरान केंद्र सरकार के द्वारा एवं कंपनियों के द्वारा दाम नहीं बढाए गए थे इसलिए उनकी भरपाई अब दाम बढाकर कर रही है। वर्तमान में भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार को जनता की समस्याओं से कोई लेना देना नहीं है। कांग्रेस सेवादल द्वारा आज  सैकड़ो पदाधिकारियो एवं कार्यकर्ताओ के साथ मिलकर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम पर ज्ञापन सौंपा गया एवं विरोध प्रदर्शन करते हुए पेट्रोल-डीजल-गैस- खाद्य पदार्थो के बढाए गए दामो को कम करने की मांग की गई।