उद्योगपुरियों की दशा सुधारी जायेगी….

दोनो उद्योगपुरियों की दशा करोड़ों रुपए की स्वीकृत राशि से सुधारी जायेगी और इसके लिए 30 सितम्बर को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित भूमिपूजन में कर्नाटक के राज्यपाल मा.थावरचंद जी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।पत्रकार वार्ता के दौरान उज्जैन में प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने ये जानकारी दी,उन्होंने बताया कि देवास रोड स्थित नागझिरी उद्योगपुरी के लिए 8.07 करोड़ की राशि शासन ने स्वीकृत कर दी है और मक्सी रोड उद्योगपुरी के लिए भी राशि का आवंटन हो चुका है। इस राशि के आ जाने से औद्योगिक क्षेत्र की 5 किलोमीटर लंबी सड़क, नाली एवं पुलिया का निर्माण होगा ।    

श्री यादव ने पत्रकारों को बताया कि उपक्षेत्रीय विज्ञान केन्द्र की स्थापना भी तारा मंडल में की जा रही है जो कि साइंस सिटी के रूप में विकसित की जाएगी और इसी के साथ कई अन्य निर्माण कार्य की भी शुरुआत की जायेगी।
पत्रकार वार्ता में विधायक पारस जैन ने जानकारी दी कि उज्जैन के मिल मजदूरों को दीपावली के पूर्व उनकी राशि का वितरण करने का प्रयास किया जा रहा है। अभी माननीय न्यायालय के आदेश से 10 करोड़ रुपए की राशि परिसमापक के खाते में भेजी जा चुकी है, शेष राशि दीपावली के पूर्व जमा की जाएगी। मजदूरों का कुल 36 करोड़ रुपया मूल बकाया था जो ब्याज सहित 100 करोड़ रुपये हो गया है। आगर रोड उद्योगपुरी की दुर्दशा पर विधायक श्री जैन ने कहा कि यह औद्योगिक जमीन समिति के हवाले है। इसलिए समिति से कहा गया है कि आधी राशि वह मिला दे जिससे जनभागीदारी में उद्योगपुरी में रोड, नाली और सड़क का निर्माण हो सके। डॉ. यादव ने बताया कि विनोद मिल, विमल मिल की जमीन की पुनः नीलामी की जा रही है। आपने बताया कि अधिकारियो के भरोसे इस जमीन की नीलामी में नुकसान हो रहा था। अधिक से अधिक पैसा राज्य सरकार को मिले इसलिए केबिनेट ने पुरानी नीलामी को निरस्त कर दिया था। सरकार और सरकार के अधिकारी रुचि लेकर अधिक से अधिक बोली लगवाएंगे।