अद्भुत कार्यशैली, व्यक्तित्व और कृतित्व के धनी थे अर्जुन सिंह: सुरेश पचौरी

प्रदेश में सर्वहारा वर्ग के रूप में अपनी विरासत बनाने वाले कद्दावर नेता स्वर्गीय अर्जुन सिंह जी की पुण्यतिथि पर आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के सभाकक्ष में कांग्रेसजनों ने दाऊ साहब के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनका पुण्य स्मरण किया, कांग्रेसजनों ने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके कृतित्व पर प्रकाश डाला, बाद में दो मिनिट का मौन रखा गया..

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने कहा कि दाऊ साहब की कार्यशैली अद्भुत थी, वे बिरले व्यक्त्वि और कृतित्व के धनी थे। उजाले अपनी यादों के हमारे साथ रहने दो, न जाने किस गली में जिंदगी की शाम हो जाए। पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए एक आयोग बनाया, संस्कृति कला में रूचि होने के कारण उन्होंने भारत भवन का निर्माण करवाया, कार्यकर्ताओं के प्रति उनमें आदरभाव था, वे अजातशत्रु थे।

पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा ने दाऊ साहब को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने सभी वर्गों के हितों का विशेष रूप से ध्यान रखा, दलित, शोषित वर्ग के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किये। भोपाल का ऐसा कोई कोना नहीं है, जहां उनके कामों की रोशनी न पहुंची हो। कार्यकर्ता ही उनकी शक्ति और संबल थे।

दाऊ साहब के साथ मंत्रीमंडल में रहे प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर ने उनके संस्मरण को याद करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और राज्यपाल जैसे बड़े-बड़े पदों पर रहकर देश और प्रदेश में गरीबों के उत्थान, जमीन के पट्टे, तेंदू पत्ता, बिजली के फ्री कनेक्शन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं पर सराहनीय कार्य किये थे।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सैयद साजिद अली, महामंत्री डॉ. महेन्द्र सिंह चौहान और महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती विभा पटेल ने भी स्वर्गीय अर्जुन सिंह के व्यक्तित्व और कृतित्व पर अपने विचार व्यक्त किये। संचालन प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता कार्यक्रम समन्वयक आनंद तारण ने किया।