संघ प्रमुख मोहन भागवत की दौड़ मस्जिद ..

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने जबलपुर में संघ प्रमुख मोहन भागवत के प्रति आभार व्यक्त किया। इसे उन्होंने संघ प्रमुख मोहन भागवत की दौड़ मस्जिद तक जाने से जोड़ा..प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह यूं तो हमेशा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा को पानी पी-पी कर कोसते हैं, परन्तु आज जबलपुर में उनके बयान से सभी हैरान रह गए। उन्होंने संघ प्रमुख मोहन भागवत का आभार प्रकट किया। वह भी मीडिया से बातचीत के दौरान। अब उनका यह वीडियो वायरल हो रहा है….

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ पैदल चल रहे थे। केंद्रीय राजनीति में बदलते घटनाक्रम को देखते हुए वे गुरुवार को दिल्ली में थे।

आज उनका नरसिंहपुर के ज्ञोतेश्वर में ब्रह्मलीन शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती जी की श्रद्धांजलि सभा में भाग लेने का प्रोग्राम था। इसके लिए वह आज जबलपुर में थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से भी बातचीत की।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने पत्रकारों से कहा कि “भारत जोड़ो यात्रा को अभी दो हफ्ते भी नहीं हुए और इसका कितना असर संघ प्रमुख मोहन भागवत जी पर हुआ है, यह आप देखिए। वे मदरसा जाने लगे। वे मस्जिद जाने लगे। मस्जिद और मदरसा जाने के लिए निश्चित तौर पर मोहन भागवत को प्रेरणा भारत जोड़ो यात्रा से मिली होगी। हम उनके प्रति आभार व्यक्त करते हैं।”

ज्ञात हो कि संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कल अखिल भारतीय इमाम संगठन के प्रमुख इमाम उमर अहमद इलियासी से मुलाकात की। भागवत कल गुरुवार को कस्तूरबा गांधी मार्ग पर स्थित मस्जिद में पहुंचे। उसके बाद संघ प्रमुख ने इमाम उमर इलियासी के पिता जमील इलियासी की मज़ार पर जियारत की। संघ प्रमुख ने आजाद मार्केट में एक मदरसे का दौरा किया और वहां पर बच्चों से भी बातचीत की। इस पर मौलवी उमर अहमद इलियासी ने भागवत को राष्ट्रपिता तक कह दिया।