दो गुटों में जमकर चली गोलियां ..

प्रदेश के मुरैना में आज सुबह दो गुटों में जमकर गोलियां चली , दोनों पक्ष के एक-एक लोग घायल हुए हैं। झगड़े की वजह जमीन है। दोनों पक्ष इस पर कब्जा चाहते हैं। जमीन वन विभाग की बताई जा रही है। घटना पहाड़गढ़ तहसील के चाचुल गांव की है….

छाती में गोली लगने पर बीरबल गुर्जर और गर्दन में गोली लगने पर हरिओम को जौरा अस्पताल में लाया गया। गंभीर हालत देखते हुए दोनों को मुरैना जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बीरबल गुर्जर के पक्ष का आरोप है कि हमले की आशंका थी। निरार थाने में फोन लगाया तो थानेदार का जवाब था कि फोन मत लगाना।

रामलखन गुर्जर, बीरबल का चाचा है। सुबह भतीजा बीरबल परचूनी की दुकान पर बैठा था। दुकान घर में ही है। 10 – 12 हमलावर अलग-अलग बाइक से आए। पप्पू गुर्जर और हरिओम गुर्जर ने गाली-गलौज की और भतीजे को गोली मार दी।

रामलखन का कहना है कि हमले की आशंका को देखते हुए रविवार शाम को ही निरार थाने में शिकायत की थी। थाना प्रभारी टीएस यादव ने कहा कि फोन मत लगाना, इसके बाद फोन स्विच ऑफ कर लिया।

जानकार बताते है कि वन विभाग की जमीन पर कब्जे को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से तनातनी चली आ रही है। इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा और फायरिंग हो चुकी है। गांव में किसी ने झगड़े की सूचना डायल 100 पर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जौरा अस्पताल पहुंचाया। डायल 100 के बाद पहाड़गढ थाना पुलिस पहुंची, फिर जौरा पुलिस पहुंची।