अनुशासन का डंडा: गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने छिंदवाड़ा और सिवनी के 4 बड़े पदाधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाया
प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी और सोशल मीडिया पर अनर्गल टिप्पणी पड़ी भारी; 6 साल के लिए निष्कासित
मण्डला/छिंदवाड़ा। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (जीजीपी) मध्यप्रदेश ने संगठन में अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने छिंदवाड़ा और सिवनी जिले के चार कद्दावर पदाधिकारियों को संगठन की छवि धूमिल करने और गुटबाजी को बढ़ावा देने के आरोप में 6 वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। यह निर्णय मण्डला में आयोजित पार्टी की उच्च स्तरीय बैठक में जांच कमेटी की रिपोर्ट के बाद लिया गया।
भितरघात और गुटबाजी पर कड़ा प्रहार ..
पार्टी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 02 मार्च को सिवनी के छपारा (बंजारी) में कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेश अध्यक्ष कमलेाश टेकाम के विरुद्ध नारेबाजी की गई थी। साथ ही केंद्रीय नेतृत्व के प्रति सोशल मीडिया प्लेटफार्म (फेसबुक, यूट्यूब, व्हाट्सएप) पर व्यंग्यात्मक टिप्पणियां कर पार्टी की साख को नुकसान पहुँचाने का प्रयास किया गया। संगठन ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए तत्काल प्रभाव से निष्कासन की कार्रवाई की है।
इन पर गिरी गाज….
देवीराम (देवरवन) भलावी (पूर्व जिला अध्यक्ष, छिंदवाड़ा): पार्टी विरोधी कार्य और पृथक संगठन बनाने की धमकी देने के कारण आजीवन/6 वर्ष के लिए निष्कासित।
प्रवीण धुर्वे (युवा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष, छिंदवाड़ा): संगठन के विरुद्ध कार्य करने और सोशल मीडिया पर छवि खराब करने के आरोप में 6 साल के लिए बाहर।
संदीप इनवाती (किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष, छिंदवाड़ा): लगातार पार्टी की छवि धूमिल करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से 6 वर्ष के लिए निष्कासित।
रावेनशाह उइके (छपारा, जिला सिवनी): पार्टी विरोधी गतिविधियों और संगठन को कमजोर करने के कूटनीतिक षड्यंत्र के आरोप में कार्रवाई।
नेतृत्व का सख्त संदेश..
प्रदेश कार्यालय सचिव निर्मल मरावी ने स्पष्ट किया कि पार्टी के भीतर किसी भी प्रकार की गुटबाजी या नेतृत्व के विरुद्ध बयानबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच कमेटी ने पाया कि इन पदाधिकारियों की गतिविधियों से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया पर पार्टी की छवि को गहरा धक्का लगा है।
राजनीतिक गलियारों में हलचल ..
छिंदवाड़ा जैसे महत्वपूर्ण जिले से एक साथ तीन प्रमुख मोर्चा अध्यक्षों के निष्कासन से जिले की राजनीति में भारी हलचल मच गई है। इसे आगामी सांगठनिक चुनावों से पहले पार्टी के भीतर मची रार को शांत करने के एक बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है।
Gondwana Gantantra Party MP #GGP Madhya Pradesh News #Chhindwara GGP Leaders Expelled #Kamalesh Tekam GGP.