मप्र में मोहन सरकार का कुनबा..

म प्र में भाजपा के सत्ता में वापसी के 22 दिनों बाद आखिरकार डॉ. मोहन यादव की कैबिनेट ने आकार लिया। आज दोपहर बाद 18 कैबिनेट मंत्रियों, छह राज्यमंत्रियों (स्वतंत्र प्रभार) और चार राज्यमंत्रियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ महामहिम राज्यपाल ने दिलाई ।  डॉ. मोहन यादव की कैबिनेट में उन्हें मिलाकर 31 सदस्य हैं। दो उप-मुख्यमंत्रियों- जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला ने मुख्यमंत्री के साथ शपथ ली थी। टीम मोहन यादव में अब भी चार पद रिक्त हैं, जो लोकसभा चुनावों के बाद भरे जा सकते हैं। 

डॉ. मोहन यादव की कैबिनेट में शपथ लेने वालों में ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक- तुलसी सिलावट, ऐदल सिंह कंसाना, गोविंद सिंह राजपूत और प्रद्युमन सिंह तोमर ने भी कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली। खास बात यह है कि शिवराज सिंह चौहान की कैबिनेट के सदस्य रहे छह मंत्रियों में से तीन मंत्री तो सिंधिया समर्थक ही हैं। उनके अलावा शिवराज सिंह चौहान की टीम के सदस्य रहे विजय शाह, विश्वास सारंग, इंदरसिंह परमार को ही डॉ. यादव कैबिनेट में मौका मिला है।बाकी नए चेहरे हैं।