दतिया जिले के सेवड़ा निर्वाचन क्षेत्र में एक व्यक्ति सिक्कों से भरे दो बैग लेकर रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय पहुंच गया। सिक्कों से भरे बैग देखकर चुनाव अधिकारी हैरान हो गए। सिक्कों को गिनने और व्यक्ति का नामांकन जारी करने में अधिकारियों को लगभग दो घंटे से अधिक समय लग गया….
52 वर्षीय रामकुमार गुप्ता ने इससे पहले 2018 में भी उसी सेवड़ा निर्वाचन क्षेत्र से स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा और लगभग 400 वोट हासिल किए थे। रामकुमार गुप्ता अविवाहित हैं और जिले के इंदरगढ़ कस्बे में किराने की दुकान और आयुर्वेदिक दवाओं की एक छोटी पारंपरिक दुकान भी चलाते हैं। उन्होंने कहा, ‘मुझे अपनी किराने की दुकान पर सिक्के मिलते हैं और चाय की दुकान के मालिकों जैसे छोटे विक्रेताओं से भी सिक्कों के रूप में दान मिला है।
दतिया में बड़े व्यापारी और कई लोग सिक्के लेने से कतराते हैं। मैं जानता हूं कि सिक्के एक वैध मुद्रा हैं, मैं दोपहर करीब 12.20 बजे रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय पहुंचा। मैं अपने स्कूटर पर दो बोरियों में सिक्के लेकर गया था, एक बैग स्कूटर की डिग्गी में रखा था और दूसरा बैग अपने पैरों के बीच रखा था। शाम साढ़े चार बजे तक मैं नामांकन फॉर्म लेकर बाहर आ सका। सिक्के गिनने में समय लगा। मै पूरी ईमानदारी के साथ चुनाव लड़ूंगा और जीतने के लिए अपना पूरा प्रयास करूंगा।’