आप की इंकलाबी जीत..

पंजाब अब आप का हो गया है। दिल्ली की सरहद के बाहर आप न सिर्फ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, बल्कि बहुमत के आंकड़े से भी बहुत आगे निकलती नजर आ रही है। आप के सी एम्  कैंडिडेट भगवंत मान ने भी 45 हजार वोटों से रिकॉर्ड जीत दर्ज की है। इधर, कांग्रेस से सी एम् चरणजीत चन्नी और पंजाब अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू दोनों चुनाव हार गए हैं। पंजाब में बंपर जीत के बाद आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने विपक्षी पार्टियों पर जमकर निशाना साधा..

पार्टी वर्कर्स को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा- पंजाब के लोगों ने कमाल कर दिया है। आज बाबा साहब और भगत सिंह का सपना पूरा हुआ। जनता ने बताया दिया है कि केजरीवाल आतंकवादी नहीं है, बल्कि जनता को लूटने वाले आतंकवादी हैं। लोगों को गरीब रखा गया। बड़ी ताकतें देश को पीछे रखना चाहती हैं। 75 साल देश को लूटने का काम हुआ। आप ने ईमानदार राजनीति की शुरुआत की है। सबका मकसद था कि आप पंजाब में न पाए। अब ये इंकलाब पूरे देश में फैलेगा। जीत के बाद भगवंत मान ने पंजाब की जनता को संबोधित किया। वे कल पद की शपथ लेंगे। शपथ समारोह भी राजभवन की जगह शहीदे आजम भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में होगा। इससे पहले ब्ड की शपथ राजभवन में होती रही है। शपथ लेने से पहले मान शहीदी स्मारक पर माथा टेकने भी जाएंगे।

इधर, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह 13 हजार तो सुखबीर सिंह बादल 12 हजार वोट से चुनाव हार गए हैं। मौजूदा सीएम चन्नी और कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू को भी हार का मुंह देखना पड़ा है। दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा समेत उसके सहयोगी मिलकर भी आप के लगभग चौथाई हिस्से तक ही पहुंच पा रहे हैं। वहीं, भाजपा दहाई का अंक छूने के लिए भी तरस गई है। आम आदमी पार्टी के सीएम कैंडिडेट भगवंत मान धूरी से रिकॉर्ड 45 हजार वोटों से जीत गए हैं। वे कल पद की शपथ लेंगे। सीएम चरणजीत चन्नी ने कल कैबिनेट मीटिंग बुलाई है, वे कल ही राज्यपाल को इस्तीफा सौंप सकते हैं।

पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल लांबी से चुनाव हार गए हैं। 94 साल के बादल सबसे बुजुर्ग कैंडिडेट थे। मंत्री परगट सिंह जालंधर कैंट से चुनाव जीते। करीबी मुकाबले में उन्होंने आम आदमी पार्टी के कैंडिडेट को हराया। फतेहगढ़ साहिब से कांग्रेस के वर्किंग प्रधान कुलजीत नागरा हारे, आप के लखबीर सिंह राय जीते। डिप्टी सीएम सुखजिंदर रंधावा डेरा बाबा नानक से चुनाव जीत गए हैं। कोटकपूरा से आम आदमी पार्टी के कुलतार संधवां ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है।

लुधियाना वेस्ट से मंत्री भारत भूषण आशु 7440 वोटों से हारे, उन्हें आप के गुरप्रीत गोगी ने हराया। खरड़ से पंजाबी गायिका अनमोल गगन मान जीतीं, वे आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ी थीं। जालंधर सेंट्रल से आप के रमन अरोड़ा ने कांग्रेस के राजिंदर बेरी को 163 मतों से हरा दिया है। कपूरथला सीट से कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस कैंडिडेट राणा गुरजीत सिंह चुनाव जीत गए हैं। सीएम चरणजीत सिंह चन्नी भदौड़ और चमकौर साहिब सीट से पीछे चल रहे हैं। उनके कई मंत्री भी पिछड़ते नजर आ रहे हैं।

अमृतसर ईस्ट सीट से पंजाब कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू पिछड़कर तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। गिद्दड़बाहा से ट्रांसपोर्ट मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने अकाली कैंडिडेट हरदीप डिंपी ढिल्लो को कड़े मुकाबले में हराया। केजरीवाल ने जीत पर बधाई दी- आम आदमी पार्टी के प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के सीएम कैंडिडेट भगवंत मान के साथ फोटो ट्वीट की। इसमें उन्होंने आम आदमी पार्टी की जीत को इंकलाबी बताया है। साभार मिडिया रिपोर्ट