दिल्ली पब्लिक स्कूल छिंदवाड़ा में 2024 25 का वार्षिकोत्सव यादगार अनुभव के साथ संपन्न हुआ । इस वर्ष का वार्षिकोत्सव अपनी 10 बर्षीय वैभव और उपलब्धियों का साक्षी रहा । छिंदवाड़ा नगर की प्रतिष्ठा में चार चांद लगाने वाले इस प्रतिष्ठित विद्यालय का वार्षिकोत्सव भी उसी गौरव एवं वैभव के साथ संपन्न हुआ ….
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छिंदवाड़ा नगर अध्यक्ष श्री शेषराव यादव एवं मध्य प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री दीपक सक्सेना के साथ-साथ विद्यालय के प्रो. वाइस चेयरमैन वीरेंद्र सतीजा, विद्यालय के डायरेक्टर निकिश सतीजा एवं कशिश सतीजा उपस्थित थीं । कार्यक्रम का प्रारंभ विद्यालय की परंपरा के अनुसार दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना एवं गणेश वंदना की सुर लहरी के साथ प्रारंभ किया गया । विद्यालय में पधारे मुख्य अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों के स्वागत के पश्चात विद्यालय के प्राचार्य हबीब खान द्वारा जहां विद्यालय में वर्ष भर होने वाले पाठयेत्तर एवं सहपाठयेत्तर क्रियाकलापों, अकादमिक एवं खेल उपलब्धियां से पूर्ण विशिष्ट रिपोर्ट प्रस्तुत की गई वहीं विद्यालय के डायरेक्टर निकिश सतीजा ने अपने उद्बोधन में विद्यालय के सफलतापूर्वक 10 वर्ष पूर्ण होने के इस गौरवमयी क्षण को समस्त के साथ साझा करते हुए उपलब्धियों के अलावा विद्यार्थियों के लिए प्रदान की जाने वाली समस्त उत्कृष्ट सुविधाओं द्वारा विद्यार्थियों के संपूर्ण उत्थान हेतु अपने प्रण को दोहराया ।
विद्यालय में पधारे मुख्य अतिथि दीपक सक्सेना ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह गर्व का विषय है कि दिल्ली पब्लिक स्कूल छिंदवाड़ा अपने उच्चतम शैक्षिक स्तर के द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है । वही शेषराव यादव जी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि दिल्ली पब्लिक स्कूल का नगर में होना हमारे लिए गर्व का विषय है । क्योंकि यहां विद्यार्थियों को न केवल शैक्षिक स्तर पर उत्कृष्ट सुविधा प्राप्त हो रही है बल्कि खेल एवं कला के क्षेत्र के लिए भी विद्यार्थियों को सफल बनाने का पर्याप्त प्रयास किया जा रहा है । इस पूरे कार्यक्रम में नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों द्वारा एक से बढ़कर एक रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति की गई