माँ की गोद से मौत तक: रुला देने वाले नाव हादसे की रूहानी दास्तान..

ममता का आखिरी सुरक्षा कवच: एक माँ की अंतिम गोद ..

प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में क्रूज हादसे में 9 लोगों की मौत , इस हृदयविदारक घटना को शब्दों के माध्यम से आइए, महसूस करते हैं ममता की उस आखिरी जद्दोजहद और अमर बलिदान की इस रुला देने वाली दास्तान को…”

“कहते हैं कि समंदर की गहराइयों को मापा जा सकता है, लेकिन एक माँ की ममता कितनी गहरी होती है, इसका अंदाजा कुदरत भी नहीं लगा सकती। जब मौत सामने खड़ी हो और हर कोई अपनी जान बचाने के लिए भाग रहा हो… तब एक माँ क्या करती है? वह मौत की आँखों में आँखें डालकर भी सिर्फ अपने बच्चे की सलामती का रास्ता ढूंढती है।

आज हम आपके सामने जो दास्तान लेकर आए हैं, वह महज़ कोई खबर नहीं, बल्कि रूह को चीर देने वाला एक ऐसा एहसास है जो आपकी आँखों को नम कर देगा। यह कहानी है उस आखिरी सफर की, जहाँ खौफनाक लहरों ने साँसें तो छीन लीं, लेकिन एक माँ की बांहों से उसके 4 साल के मासूम को जुदा नहीं कर सकीं।

एक माँ… जिसने अपनी जिंदगी को एक लाइफ जैकेट की तरह उतारा, अपने जिगर के टुकड़े को पहनाया, और मौत के उस खौफनाक मंजर के बीच भी उसे वह सुकून दिया, जो सिर्फ और सिर्फ माँ की गोद में मिलता है।

✍️  राकेश प्रजापति 

अक्सर कहा जाता है कि मौत के सामने इंसान सबसे पहले खुद को बचाने की सोचता है, लेकिन एक माँ का दिल कुदरत के इस नियम को भी चुनौती दे देता है। दिल्ली से घूमने निकले इस परिवार ने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि लहरों का आनंद लेने का सफर, जिंदगी के आखिरी सफर में बदल जाएगा।

तूफान और वह आखिरी जद्दोजहद

क्रूज पर सवार मैसी परिवार के लिए सब कुछ सामान्य था, लेकिन तभी अचानक कुदरत ने अपना रौद्र रूप दिखाया। तेज तूफान और डगमगाती नाव के बीच जब अफरा-तफरी मची, तो चारों तरफ चीख-पुकार थी। उस खौफनाक मंजर में मरीना मैसी के सामने केवल एक ही ध्येय था—अपने 4 साल के मासूम बेटे, त्रिशान की सलामती।

जब लहरें नाव से टकराने लगीं और डूबने का खतरा सिर पर आ गया, तब मरीना ने अपनी परवाह किए बिना अपनी लाइफ जैकेट उतारी और अपने जिगर के टुकड़े को उसमें सुरक्षित कर दिया। उसने उसे केवल जैकेट नहीं पहनाई, बल्कि उसे अपनी गोद में इस कदर समेट लिया जैसे वह उसे दुनिया के हर खतरे से बचा लेना चाहती हो।

“वैसे ही मिले, जैसे थे…”

कहते हैं कि माँ की गोद जन्नत का अहसास होती है, और त्रिशान के लिए भी वह आखिरी पल वैसे ही रहे। जब अगले दिन बचाव दल को उनके शव मिले, तो देखने वालों की रूह कांप गई और आंखें नम हो गईं। पानी की अगाध गहराइयों में भी ममता हारी नहीं थी।

  • त्रिशान अपनी माँ की उसी लाइफ जैकेट के अंदर लिपटा हुआ था।

  • वह माँ की गोद में बिल्कुल वैसे ही सुकून से सोया हुआ था, जैसा वह नाव डूबने से पहले था।

एक अधूरा सफर, एक अमर बलिदान

मरीना और उसका मासूम बेटा अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन यह तस्वीर प्रशासन की लापरवाही और एक माँ के निस्वार्थ प्रेम की गवाह बन गई है। पिता और बेटी तो बच गए, लेकिन उनके पास अब केवल वह यादें हैं जहाँ एक माँ ने अपनी आखिरी सांस तक अपने बच्चे को अकेले नहीं छोड़ा।

“माँ की गोद से मौत की गोद तक का यह सफर चीख-चीख कर कह रहा है कि एक माँ अपनी जिंदगी तो वार सकती है, पर अपने बच्चे का हाथ कभी नहीं छोड़ती।”