शान के साथ लहराया तिरंगा ..

आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत स्वतंत्रता दिवस की 76वीं वर्षगांठ जिला मुख्यालय छिन्दवाड़ा के पुलिस परेड ग्राउण्ड पर हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाई गई। कलेक्टर मनोज पुष्प ने पुलिस परेड ग्राउण्ड छिन्दवाड़ा में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। ध्वजारोहण होते ही पुलिस परेड ग्राउण्ड ‘जन-गण-मन अधिनायक जय हे’ की गूंज से गुजांयमान हो उठा….

इस अवसर पर कलेक्टर मनोज पुष्प ने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया तथा नील गगन में हर्ष और उल्लास के प्रतीक गुब्बारे छोडे। समारोह में हर्ष फायर एवं आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत की गई। कलेक्टर मनोज पुष्प ने खुली जीप में पुलिस अधीक्षक विनायक वर्मा तथा परेड कमांडर आशीष तिवारी के साथ परेड का निरीक्षण किया। समारोह में कलेक्टर श्री मनोज पुष्प ने राजस्व, पुलिस, शिक्षा, ग्रामीण विकास, आपूर्ति, शहरी विकास, जनजातीय कार्य, अभियोजन, स्वास्थ्य, समाजसेवा और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों और अन्य व्यक्तियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि ने पुलिस विभाग द्वारा आयोजित मैराथन दौड़ में सहभागिता करने वाले छात्र-छात्राओं को पुलिस अधीक्षक श्री वर्मा की ओर से प्रदाय किये जाने वाले प्रशस्ति पत्रों में बालकों में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुकड़ा जगत के छात्र श्री राज यदुवंशी को प्रथम, जवाहर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छिंदवाड़ा के छात्र श्री मोहित कुमरे को व्दितीय व भगवान श्रीचंद विद्यालय के छात्र श्री प्रशांत पटेल को तृतीय तथा बालिकाओं में शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा कु.कुमकुम कुशवाहा को प्रथम, भारत भारती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा कु.ईशा साहू को व्दितीय व शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा कु.रानी नागले को तृतीय पुरूस्कार प्रदान किया गया ।

कलेक्टर श्री पुष्प ने समारोह में परेड के सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये सशस्त्र बल ग्रुप में जिला महिला पुलिस बल, एन.सी.सी.सीनियर डिवीजन व वन विभाग के ग्रुप में एन.सी.सी.सीनियर डिवीजन बालक और एन.सी.सी.जूनियर/गाईड ग्रुप में एन.सी.सी.जूनियर डिवीजन बालिका को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया।

बेस्ट परेड में बेस्ट परेड कमांडर का पुरस्कार परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्री आशीष तिवारी, बेस्ट परेड सेकण्ड इन कमांडर का पुरस्कार सब इंस्पेक्टर श्री रोहित शेंडे और बेस्ट बैंड वादन के लिये विशेष सशस्त्र बल 8वीं बटालियन के प्रधान आरक्षक श्री गंगाराम आतराम को प्रदान किया गया।

                                          ……स्वतंत्रा दिवस की हार्दिक शुभकामनाए ……