जनगणना के महायज्ञ की अग्नि से एक नाम चमककर सामने आया ..

छिंदवाड़ा का गौरव, देश की जनगणना का सितारा बने डॉ. पी.एन. सनेसर ..

जब देश अपनी सबसे बड़ी लोकतांत्रिक कवायद, भारत की जनगणना – 2027 की तैयारी में जुटा है, तब उसी महायज्ञ की अग्नि से एक नाम चमककर सामने आया है –डॉ. पी.एन. सनेस

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में 23 से 26 नवम्बर तक चले मास्टर ट्रेनर्स के चार दिवसीय गहन प्रशिक्षण में प्रदेश भर के दिग्गज प्रशिक्षक जुटे थे। जनगणना की डिजिटल तकनीक, प्रश्नावली की बारीकियां, मैदानी प्रबंधन और आंकड़ों की शुद्धता — हर मोर्चे पर मंथन हुआ।

लेकिन इस मंथन में जो सबसे उज्ज्वल रत्न निकला, वह छिंदवाड़ा का था।

उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुकरणीय नेतृत्व और सक्रिय सहभागिता के लिए शासकीय पीजी कॉलेज छिंदवाड़ा के प्रोफेसर एवं नेशनल लेवल मास्टर ट्रेनर डॉ. पी.एन. सनेसर को ‘सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षणार्थी’ के सम्मान से नवाजा गया

26 नवम्बर 2026 को भोपाल में आयोजित गरिमामय समारोह में यह सम्मान आयुक्त, उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन श्री प्रबल सिपाहा के मुख्य आतिथ्य में जनगणना कार्य निदेशालय, मध्यप्रदेश के निदेशक श्री संजीव श्रीवास्तव द्वारा प्रदान किया गया।

तालियों की गड़गड़ाहट के बीच जब डॉ. सनेसर ने प्रशस्ति पत्र ग्रहण किया, तो वह केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं था — वह छिंदवाड़ा की विद्वता, निष्ठा और कर्मठता का सम्मान था।

सम्मान की हैट्रिक ..

यह उपलब्धि कोई संयोग नहीं, बल्कि निरंतर साधना का परिणाम है। इसी वर्ष जनवरी में डॉ. सनेसर को मतदाता दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश के राज्यपाल श्री मंगू भाई पटेल ने राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया था। इसके बाद भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली ने अपने स्थापना दिवस पर उन्हें राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया।

और अब जनगणना – 2027 के मंच पर ‘सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षणार्थी’ का खिताब– यह सम्मान की हैट्रिक है, जो बहुत कम लोगों के भाग्य में लिखी होती है।

डॉ. सनेसर मतदाता जागरूकता हो या जनगणना का प्रशिक्षण, वे हर जिम्मेदारी को मिशन बनाकर निभाते हैं। उनकी शैली सरल है, लेकिन प्रभाव गहरा है – यही कारण है कि प्रदेश भर के मास्टर ट्रेनर्स के बीच भी वे सबसे अलग नजर आए।

छिंदवाड़ा में हर्ष की लहर ..

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पूरे जिले में हर्ष की लहर दौड़ गई। डॉ. सनेसर की यह सफलता छिंदवाड़ा के लिए प्रेरणा है। जब जनगणना – 2027 का इतिहास लिखा जाएगा, तो उसमें छिंदवाड़ा का नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा, क्योंकि इस महाअभियान को दिशा देने वालों में एक नाम डॉ. पी.एन. सनेसर का भी होगा।