धरती की पुकार पर एकजुट हुआ छिंदवाड़ा..

धरती की पुकार पर एकजुट हुआ छिंदवाड़ा : क्षरित भूमि को फिर से हरा-भरा करने का लिया संकल्प..

जब धरती घायल हो, तो उसका इलाज केवल एक विभाग के बस की बात नहीं। उसे चाहिए सबका साथ, सबकी साझी जिम्मेदारी और एक ही संकल्प–धरती को फिर से सांस लेने देना। इसी संकल्प के साथ छिंदवाड़ा में दो दिवसीय ईको-रेस्टोरेशन कार्यशाला का आगाज हुआ, जहां भूमि क्षरण तटस्थता के लक्ष्य को साधने और उजड़ी हुई धरती को फिर से हरा-भरा करने के लिए सभी विभाग एक मंच पर आ गए।

वन संरक्षक कार्यालय परिसर स्थित संवाद सदन में आयोजित इस कार्यशाला में छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिलों के विभिन्न विभागों और संस्थाओं के लगभग 40 प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। आयोजन लोचन एंड कंपनी द्वारा किया गया।

कार्यशाला के मुख्य वक्ता सेवानिवृत्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक डॉ. चितरंजन त्यागी (भा.व.से.) ने ईको-रेस्टोरेशन के वैज्ञानिक और व्यावहारिक पहलुओं को बेहद सरल और प्रभावी अंदाज में समझाया। उन्होंने कहा कि पुनःस्थापन कोई किताबी योजना नहीं, बल्कि धरती की नब्ज पहचानने की कला है। स्थानीय परिस्थितियों और जरूरतों के अनुरूप कार्ययोजना, शासकीय योजनाओं का अभिसरण, समयबद्ध क्रियान्वयन और सभी विभागों की साझा जिम्मेदारी ही प्रभावी पुनःस्थापन की असली कुंजी है।

कार्यशाला का शुभारंभ अपर कलेक्टर एवं जिला पंचायत के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी धीरेन्द्र सिंह और डीएफओ पूर्व वनमंडल स्वरूप दीक्षित ने किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षरित भूमि का पुनःस्थापन तभी संभव है, जब विभागों के बीच बेहतर समन्वय हो, योजनाओं का अभिसरण हो और जनभागीदारी को असली ताकत बनाया जाए। इस अवसर पर डीएफओ पश्चिम वनमंडल साहिल गर्ग भी उपस्थित रहे।

दो दिवसीय मंथन में भूमि क्षरण की मौजूदा स्थिति और उसके प्रमुख कारणों पर गंभीर चर्चा हुई। सहभागी ईको-रेस्टोरेशन योजना, राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान, जैव विविधता संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन के शमन एवं अनुकूलन जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से प्रकाश डाला।

समापन अवसर पर डीएफओ स्वरूप दीक्षित ने सभी विभागों से आह्वान किया कि अपने-अपने विभागीय कार्यक्रमों और आगामी कार्ययोजनाओं में ईको-रेस्टोरेशन गतिविधियों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और आपसी समन्वय से धरती को बचाने के इस महायज्ञ में अपनी आहुति दें।

कार्यशाला ने एक ही संदेश दिया–धरती बचेगी, तभी जीवन बचेगा।