स्कूल के सामने बाइक का कहर, 7 बच्चे घायल, 2 की हड्डियाँ टूटीं ..

परीक्षा खत्म हुई, खुशियाँ शुरू भी नहीं हुईं… और रफ्तार ने छीन लिया मासूमों का बचपन

बिछुआ के एक्सीलेंस स्कूल के सामने बाइक का कहर — 7 बच्चे लहूलुहान, 2 की हड्डियाँ टूटीं, 5 जिला अस्पताल रेफर

दोपहर बिछुआ में वो मंजर किसी के भी कलेजे को चीर देगा। एक्सीलेंस स्कूल के बच्चे परीक्षा देकर अभी-अभी बाहर निकले ही थे। किसी के चेहरे पर पेपर अच्छा होने की मुस्कान थी, कोई दोस्तों से कल की तैयारी की बात कर रहा था। लेकिन स्कूल के गेट के बाहर मौत तेज रफ्तार बाइक पर सवार होकर खड़ी थी।

सड़क पार कर रहे मासूमों को बाइक सवारों ने ऐसी टक्कर मारी कि सातों बच्चे सड़क पर बिखर गए। किताबों से भरे बैग एक तरफ गिरे, टिफिन एक तरफ और खून से सने मासूम एक तरफ। चीखें गूँज उठीं, पूरा इलाका दहल गया। दो बच्चों के पैर की हड्डियाँ टूट गईं, बाकी पाँच भी बुरी तरह घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार दोनों युवक नाबालिग थे। न लाइसेंस, न समझ, न डर… बस रफ्तार का नशा। और इस नशे की कीमत चुकानी पड़ी उन सात मासूमों को, जिनका कसूर सिर्फ इतना था कि वे स्कूल से घर लौट रहे थे।

गाँव वालों ने दिखाई इंसानियत, अस्पताल में मची भागदौड़

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लेकिन उसी अफरा-तफरी के बीच बिछुआ के लोगों ने इंसानियत की मिसाल पेश की। लोगों ने बिना देर किए घायल बच्चों को उठाया, अपने वाहनों से और मदद से उन्हें बिछुआ अस्पताल पहुँचाया।

बिछुआ अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पाँच बच्चों की हालत गंभीर देखकर उन्हें तुरंत जिला अस्पताल छिंदवाड़ा रेफर कर दिया गया। दो एंबुलेंस से बच्चों को जिला अस्पताल लाया गया। अस्पताल प्रबंधन को पहले ही सूचना दे दी गई थी, इसलिए बच्चों के पहुँचते ही डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की टीम ने उपचार शुरू कर दिया। वहीं दो बच्चों का उपचार बिछुआ अस्पताल में ही जारी है।

जनपद सदस्य ने बताई पूरी घटना

जनपद सदस्य पाला सरेयाम ने मीडिया से चर्चा में बताया कि एक्सीलेंस स्कूल के छात्र-छात्राएँ परीक्षा देकर बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पार कर रहे बच्चों को टक्कर मार दी। हादसे में सात बच्चे घायल हुए हैं। बाइक पर सवार दोनों युवक नाबालिग बताए जा रहे हैं। पाँच बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल लाया गया है, जबकि दो बच्चों का उपचार बिछुआ में चल रहा है। दो बच्चों के पैर की हड्डी टूटने की भी पुष्टि हुई है।

सबसे बड़ा सवाल — स्कूल के सामने सुरक्षा कब ?

इस हादसे के बाद अभिभावकों में आक्रोश और भय का माहौल है। हर माता-पिता के मन में एक ही सवाल है — क्या हमारे बच्चे स्कूल में भी सुरक्षित नहीं हैं?

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल के सामने न स्पीड ब्रेकर है, न चेतावनी बोर्ड, न ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था। रोजाना तेज रफ्तार वाहन स्कूल के सामने से गुजरते हैं, लेकिन प्रशासन तब जागता है जब कोई मासूम खून में लथपथ हो जाता है।

लोगों की माँग है कि स्कूलों के सामने स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड और पुलिस की नियमित गश्त की व्यवस्था की जाए। नाबालिगों द्वारा बाइक चलाने पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में किसी और माँ की गोद सूनी न हो, किसी और बच्चे का सपना रफ्तार की भेंट न चढ़े।