जैसे जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है चुनाव की तासीर आक्रामक होती जा रही है ! अनेको जगहों से कार्यकर्ताओं के आपस में भिड़ाने के समाचार आ रहे है ! ऐसे ही प्रदेश के डिंडौरी जिले में कांग्रेस प्रत्याशी सर्मथक और निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थक आपस में भिड़ गए। और जमकर जूतमपैजार हुई। बाद में पुलिस ने मोर्चा संभाला। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि झगड़ा सभास्थल को लेकर हुआ ….
ज्ञात हो कि डिंडोरी के बजाग जनपद मुख्यालय के गांधी चौक में सभा स्थल को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी ओमकार मरकाम के समर्थक निर्दलीय प्रत्याशी रुद्रेश परस्ते और उनके समर्थकों से भिड़ गए। बताया जा रहा है कि बजाग जनपद मुख्यालय में साप्ताहिक बाजार के दिन कांग्रेस प्रत्याशी ओमकार मरकाम गांधी चौक में सभा करके चले गए। उनका समय 3 बजे से 3 बजकर 50 मिनिट निर्धारित था। इसके बाद उसी जगह पर निर्दलीय प्रत्याशी रुद्रेश परस्ते सभा करने पहुंच गए। निर्दलीय प्रत्याशी को 4 बजे से पांच बजे तक का समय दिया गया था।
जैसे ही कांग्रेस प्रत्याशी ओमकार मरकाम के समर्थकों को जानकारी लगी तो वे सभा स्थल पहुंच गए और उस जगह की परमिशन दिखाने को कहने लगे और इतने में दोनों पक्ष भिड़ गए। कानून व्यवस्था बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया और दोनो पक्षों को खदेड़ा। इसके बाद निर्दलीय प्रत्याशी रुद्रेश परस्ते और कांग्रेस समर्थक बजाग थाने पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। डिंडौरी विधानसभा रिटर्निंग ऑफिसर राम बाबू देवांगन का कहना है कि जानकारी लगी है जगह को लेकर विवाद कर रहे थे पुलिस थाने ले जाया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर आईपीसी की धारा 294, 323, 506, 147, 148 के तहत अपराध दर्ज किया गया। मामले की विवेचना की जा रही है। जांच के दौरान धाराएं बढ़ सकती हैं।