पांढुर्णा जिले की घोषणा के साथ ही राजनीति शुरू ..

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छिन्दवाड़ा जिले की पांढुर्णा, सौंसर तहसील एवं नांदनवाड़ी उप तहसील को मिलाकर पांढुर्णा को जिला बनाया जायेगा । छिन्दवाड़ा जिले के चमत्कारिक हनुमान मंदिर जाम सांवली में 35 करोड़ 23 लाख रूपये की लागत से बनने वाले हनुमान लोक के प्रथम चरण के भूमिपूजन कार्यक्रम में यह घोषणा की …. 
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जाम सांवली हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना कर श्रध्दालुओं के साथ हनुमान चालीसा का पाठ किया और प्रदेश की जनता के लिये सुख समृध्दि की प्रार्थना की । मंदिर ट्रस्ट की ओर से शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जाम सांवली में बनने वाले श्री हनुमान लोक के प्रस्तावित मॉडल का अवलोकन किया और उसके संबंध में पूरी जानकारी प्राप्त की ।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पांढुर्णा को बहुत समय से जिला बनाने की मांग की जा रही थी । आज हनुमान जी के इस मंदिर से पांढुर्णा को जिला बनाने की मांग पूरी करने की घोषणा की जाती है । पांढुर्णा जिले में पांढुर्णा एवं सौंसर तहसील के साथ नांदनवाड़ी उप तहसील को शामिल किया जायेगा।
पांढुर्ना को जिला बनाने की चौथी बार हुई घोषणा – 
श्री ओक्टे ने अपने बयान में बताया कि संतरांचल क्षेत्र सौंसर-पांढुर्ना  की जनता को सीएम ने दिल बहलाने के लिये फिर से झुनझुना पकड़ा दिया है अब ना जाने जनता इसे कब तक बजायेगी। अपने तिथिवार विवरण में ओक्टे ने बताया कि विगत 18 वर्षों में सीएम ने सबसे पहले 13 अगस्त 2008 को यनि पंद्रह साल पहले पांढुर्ना को जिला बनाने की घोषणा की उसके बाद वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में दूसरी बार पांढुर्ना को जिला बनाने की घोषणा की। उसके बाद 20 सितम्बर 2018 को सौंसर में तीसरी बार घोषणा की और आज जामसांवली में हनुमान लोक के भूमिपूजन के अवसर पर दिनांक 24 अगस्त 2023 को फिर से सौंसर-नांदनवाड़ी क्षेत्र मिलाकर पांढुर्ना को जिला बनाने की घोषणा की है। यानि वर्ष 2008 से वर्ष 2023 तक हर पांच साल में पांढुर्ना की जनता को बहलाया गया।