”जिले की हर बड़ी हलचल”
सुबह की शुरुआत अब सिर्फ चाय की चुस्की से नहीं, बल्कि ताज़ा और भरोसेमंद खबरों के साथ कीजिए। जिले भर में रात भर घटी हर अहम घटना, प्रशासनिक हलचल, जनसमस्याओं की असल तस्वीर और विकास के दावों की जमीनी हकीकत—सब कुछ अब एक ही मंच पर, तेज़ और तथ्यात्मक अंदाज़ में।
हम आपके लिए लेकर आए हैं ऐसी खबरें, जो सिर्फ सूचना नहीं देतीं, बल्कि सच को उजागर करती हैं और हर मुद्दे की गहराई तक जाकर आपको जागरूक बनाती हैं।
क्योंकि खबर वही, जो सबसे पहले और सबसे सटीक हो।
छिंदवाड़ा जिले में हनुमान जयंती का उल्लास ..
छिंदवाड़ा जिले में आज हनुमान जयंती का पर्व बेहद हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही जिले के सभी हनुमान मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चन और दर्शनों का सिलसिला जारी है।
विस्तृत समाचार: हनुमान जयंती के पावन अवसर पर जिले के तमाम छोटे-बड़े मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। जिला मुख्यालय के बड़े हनुमान मंदिर, कोसमी के बाल हनुमान, सिमरिया स्थित 108 फीट ऊंचे हनुमान मंदिर, चमत्कारी हनुमान मंदिर और नारियल वाले हनुमान मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर समितियों ने विशेष इंतजाम किए हैं। जिले में जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया जा रहा है, जहाँ महाप्रसाद वितरण का दौर आज देर रात तक निर्बाध रूप से चलेगा। पूरा जिला आज ‘जय श्री राम’ और ‘जय हनुमान’ के जयकारों से गुंजायमान है।
जामसांवली में 15 हजार भक्तों द्वारा सुंदरकांड का कीर्तिमान
छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले की सीमा पर स्थित चमत्कारिक ‘हनुमान लोक’ जामसांवली धाम में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर एक नया विश्व कीर्तिमान रचा गया है। यहाँ आयोजित दिव्य रामकथा के दौरान 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने एक साथ सामूहिक सुंदरकांड का पाठ किया।
विस्तृत समाचार: विश्व विख्यात जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में भक्ति और शक्ति का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर 15 हजार से अधिक भक्तों ने एक स्वर में सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ किया।
इस सामूहिक पाठ की दिव्यता और विशालता को देखते हुए इसे ‘एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ और ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में दर्ज किया जा रहा है। स्वामी रामभद्राचार्य जी ने दीप प्रज्वलित कर इस अनुष्ठान का रामार्पण किया और विश्व शांति की कामना की।
इस ऐतिहासिक अवसर पर पांढुर्णा कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ, छिंदवाड़ा पुलिस अधीक्षक अजय पांडे सहित मंदिर न्यास के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
पेंच टाइगर रिजर्व में बाघ का हमला
छिंदवाड़ा जिले के पेंच टाइगर रिजर्व के बफर जोन में बाघ के हमले से एक युवक की मौत हो गई है। पिछले छह महीनों के भीतर इस क्षेत्र में बाघ के हमले की यह तीसरी दुखद घटना है।
विस्तृत समाचार: प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिछुआ ब्लॉक के थोटामाल निवासी महेश मांडेकर कल दोपहर किसी काम से बफर जोन क्षेत्र के पास गए थे, तभी बाघ ने उन पर अचानक हमला कर दिया। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुँचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थोटामाल के डिप्टी रेंजर ने ग्रामीणों से अकेले जंगल या बफर जोन में न जाने की अपील की है। साथ ही, वन विभाग ने शासन के नियमानुसार मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
दुष्कर्म के आरोपी को मरते दम तक कारावास
छिंदवाड़ा जिले की परासिया अदालत ने एक कलयुगी नाना को अपनी ही नातिन के साथ दुष्कर्म करने के जुर्म में ऐतिहासिक सजा सुनाई है। माननीय न्यायालय ने दोषी को मरते दम तक जेल में रहने यानी ‘शेष प्राकृत जीवन पर्यंत कारावास’ के दंड से दंडित किया है।
विस्तृत समाचार: यह मामला थाना रावनवाड़ा क्षेत्र का है, जहाँ चौदह वर्षीय नाबालिग पीड़िता अपने नाना-नानी के घर गई थी। इस दौरान 58 वर्षीय आरोपी नाना ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। इस घृणित कृत्य का खुलासा तब हुआ, जब बालिका को अचानक प्रसव पीड़ा हुई और उसने एक बच्चे को जन्म दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, परासिया के अपर सत्र न्यायाधीश गौतम कुमार गुजरे ने आरोपी को पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत शेष प्राकृत जीवन पर्यंत कारावास और कुल 22 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। अभियोजन की ओर से विशेष लोक अभियोजक श्रीमती निर्जला मर्सकोले ने प्रभावी पैरवी की।
छिंदवाड़ा मौसम अपडेट ..
छिंदवाड़ा जिले के मौसम को लेकर इस वक्त की बड़ी खबर। जिले भर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। कल देर रात से ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों में तेज आंधियों और बादलों की गड़गड़ाहट के साथ मौसम ने करवट ली।
जहाँ बीती रात विभिन्न विकासखंडों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, वहीं आज सुबह से ही जिले में बारिश का दौर लगातार जारी है। समाचार लिखे जाने तक, जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचलों में बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ घंटों तक बारिश की स्थिति ऐसी ही बनी रह सकती है। तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन अचानक हुई इस बारिश और आंधी ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है।
हम अपने सुधि पाठकों से अपील करते हैं कि खराब मौसम और बिजली कड़कने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें।
प्रमुख बिंदु :
-
छिंदवाड़ा में मौसम का यू-टर्न: रात भर चली तेज आंधी, सुबह से भारी बारिश।
-
विकासखंडों में असर: जिले के सभी ब्लॉक में हल्की से तेज वर्षा का सिलसिला जारी।
-
तापमान में गिरावट: झमाझम बारिश से मौसम हुआ खुशनुमा, गर्मी से मिली राहत।