त्वरित टिप्पणी…
लोकतंत्र की जड़ों में मट्ठा डालता सत्ता और तंत्र का खतरनाक गठजोड़..
“राकेश प्रजापति”
सत्ता और तंत्र के खतरनाक गठजोड़ ने आज प्रदेश में भ्रष्टाचार को पूरी तरह से संस्थागत रूप दे दिया है। विकास और सुशासन के जो दावे मंचों से किए जाते हैं, उनकी असलियत जमीन पर दम तोड़ चुकी है। बैतूल जिले की घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के पाढर के भाजपा मंडल अध्यक्ष का जो मामला सामने आया है, वह सिर्फ एक खबर नहीं, बल्कि इस पूरी व्यवस्था के मुंह पर एक करारा तमाचा है। जिस ‘डबल इंजन’ की सरकार का ढिंढोरा पीटा जाता है, वह असल में भ्रष्टाचार का एक ऐसा बुल्डोजर बन चुकी है जो आम आदमी के हकों को रौंद रहा है।
प्रदेश की सत्ता पर काबिज भाजपा सरकार ने बीते 22 सालों में जिस तरह से काम किया है, उसने लोकतंत्र की जड़ों में मट्ठा डालने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। स्थिति यह है कि..
जिस व्यक्ति (पाढर भाजपा मंडल अध्यक्ष नंदन यादव) के पास कार, ट्रैक्टर और डेयरी का व्यवसाय है, उसे मनरेगा में मजदूर बना दिया गया।
बेशर्मी की पराकाष्ठा : भ्रष्टाचार की भूख इतनी अंधी हो चुकी है कि 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) जैसे राष्ट्रीय पर्व के दिन भी कागजों पर फर्जी मजदूरी दर्ज कर ली गई और हाजिरी मास्टर रोल में भर दी गई। झूठ, फरेब, मक्कारी और गुंडागर्दी ने व्यवस्था को इस कदर जकड़ लिया है कि आम आवाम का जीना मुहाल हो गया है।
यह सिर्फ एक पंचायत या एक मंडल अध्यक्ष के लालच का मामला नहीं है; यह उस पूरी कार्यसंस्कृति का परिचायक है जहाँ ‘चाल, चरित्र और चेहरे’ की बात करने वाले लोग सत्ता के नशे में चूर होकर जनता के धन पर डाका डाल रहे हैं। जनता को आपस में उलझा कर, उन्हें धर्म और संप्रदाय के मुद्दों में भटका कर, पर्दे के पीछे ऐसे कीर्तिमान रचे जा रहे हैं जहाँ कल तक साइकिल पर चलने वाले आज करोड़ों की गाड़ियों में घूम रहे हैं।
बची-खुची कसर उन तथाकथित कल्याणकारी योजनाओं ने पूरी कर दी है, जो असल में सिर्फ वोट बैंक साधने और अपने करीबियों की जेबें भरने का जरिया मात्र बनकर रह गई हैं। अफसरशाही से लेकर पंचायत स्तर तक, हर जगह कमीशनखोरी और ठेकेदारी का ऐसा नेक्सस बन चुका है कि नियम-कानून सिर्फ कागजों की शोभा बढ़ा रहे हैं।
जनता आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। अगर यही ‘सुशासन’ है, तो जनता को इस सुशासन से बचाना ही अब सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए। यह वक्त है जब इस मक्कारी भरे तंत्र से सीधे सवाल किए जाएं और इस सड़ांध मारती व्यवस्था की ईंट से ईंट बजाई जाए !
#Khabardwar #BetulNews #MGNREGAScam #MPPolitics #DoubleEngineSarkar #CorruptionExposed #HindiNews #Chhindwara