हनुमानलोक के लोकार्पण अवसर पर दी करोड़ों की सौगात..

हैमध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज छिंदवाड़ा जिले के सौंसर स्थित प्रसिद्ध जाम सांवली मंदिर में ‘हनुमान लोक’ के प्रथम चरण का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए 360 करोड़ रुपये से अधिक के निर्माण कार्यों की सौगात दी। 

“राकेश प्रजापति”

छिंदवाड़ा/पांढुर्णा…. आस्था और विकास के संगम के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज छिंदवाड़ा जिले के सौंसर पहुंचे। उन्होंने विश्व प्रसिद्ध चमत्कारिक हनुमान मंदिर, जाम सांवली में भगवान हनुमान की लेटी हुई प्रतिमा का विधि-विधान से अभिषेक कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए 360 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इसमें जिला मुख्यालय पर बनने वाले आधुनिक कलेक्टर कार्यालय का भूमिपूजन और हनुमान लोक के प्रथम चरण का लोकार्पण मुख्य रहा।

मुख्यमंत्री के संबोधन के मुख्य बिंदु:

बिजली सुधार: किसानों के हित में घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सिंचाई के लिए दिन में भी थ्री-फेज बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।

शिक्षा और खेल: सांदीपनी स्कूलों में छात्रों के लिए निःशुल्क बस सेवा और आधुनिक लैब की सुविधा दी जाएगी। साथ ही पांढुरना में एक आधुनिक इंडोर-आउटडोर स्टेडियम के निर्माण की घोषणा की गई।

प्रशासनिक एवं कृषि विस्तार: पांढुरना में महिला थाने की स्थापना और सौंसर में कृषि अनुसंधान केंद्र खोलने का ऐलान किया गया।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में देवस्थानों के विकास के लिए बजट की कोई कमी नहीं होगी और हनुमान लोक के द्वितीय चरण के कार्यों को भी सरकारी स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी सहित स्थानीय विधायक और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।