इंसानियत ने फिर से सांस ली ..

चलती सड़क पर जब सांसें थम गईं… तब एक डॉक्टर ने बनकर ‘मसीहा’ लौटा दी जिंदगी

✍️  आज की बात : राकेश प्रजापति 

भागती-दौड़ती जिंदगी के बीच अचानक जब किसी की धड़कन थम जाए, तो वह पल सिर्फ मौत और जिंदगी के बीच नहीं, बल्कि मानवता और संवेदनहीनता के बीच की अंतिम कसौटी बन जाता है। कुछ ऐसा ही दृश्य हाल ही में सड़क पर देखने मिला, जब एक युवक अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। आसपास लोग जमा होने लगे—लेकिन मदद करने के बजाय मोबाइल कैमरे ऑन हो गए। कुछ लोग वीडियो बनाते रहे, कुछ तमाशा देखते रहे… और उस युवक की जिंदगी पल-पल हाथ से फिसलती जा रही थी।

लेकिन तभी भीड़ के बीच से एक शख्स आगे आया—न कोई शोर, न दिखावा… बस कर्तव्य और इंसानियत का जज्बा। मेडिकल कॉलेज के एमडी मेडिसिन डॉ. दिनेश ठाकुर ने बिना एक क्षण गंवाए युवक को सड़क पर ही सीधा लिटाया और सीपीआर देना शुरू कर दिया। धड़कनों के लिए जूझते उस शरीर में डॉक्टर ने अपने विश्वास, अपनी मेहनत और अपनी मानवता की ताकत झोंक दी। सड़क पर गिरे उस युवक के सीने पर जब डॉक्टर की हर दबाव वाली हथेलियां पड़ीं, तो ऐसा लगा मानो मौत और जिंदगी के बीच का संघर्ष अपने चरम पर है।

कुछ ही पलों बाद… वह चमत्कार हुआ, जिसका इंतजार सबकी धड़कनें थामे थीं। युवक की सांसें लौट आईं। उसकी छाती फिर उठी, उसकी धड़कन फिर चलने लगी। उस पल सड़क पर सिर्फ एक मरीज नहीं जिंदा हुआ, बल्कि इंसानियत ने फिर से सांस ली।

युवक के परिजनों की आँखों से बहते आँसू सिर्फ गम के नहीं थे—वो कृतज्ञता, राहत और भगवान का साकार रूप सामने देखने की अनुभूति के आँसू थे। वे बार-बार सिर्फ एक ही शब्द कहते रहे— “डॉक्टर साहब, आपने सिर्फ हमारी उम्मीद नहीं, हमारा संसार बचा लिया।”

मोबाइल वाली दुनिया और मरती संवेदनाएं…

यह घटना सिर्फ एक बचाव नहीं, बल्कि समाज के लिए आईना भी है। आज का युग अर्थप्रधान हो गया है, संवेदनाओं से ज्यादा कैमरे सक्रिय हैं। लोग घटनाओं को ‘कॉन्टेंट’ समझने लगे हैं—कोई मरे या जिए, फर्क कम पड़ने लगा है। दर्दनाक बात यह है कि मदद की ताकत रखने वाले हाथ जेब में पड़े मोबाइल तक सीमित हो गए हैं।

लेकिन इसी बेरहम भीड़ में डॉ. दिनेश ठाकुर जैसे लोग उम्मीद जगाते हैं। वे बताते हैं कि इस दुनिया में अभी भी ऐसे दिल धड़कते हैं, जिन्हें इंसानियत की कद्र है… जो बिना पहचान जाने, बिना किसी स्वार्थ के, सिर्फ मानव धर्म निभाते हुए किसी की जिंदगी को वापस लौटा देते हैं।

सम्मान सिर्फ व्यक्ति का नहीं, मानवता का होगा

ऐसे कर्तव्यपरायण व्यक्ति केवल एक मरीज की जान नहीं बचाते, वे समाज के चरित्र को जीवित रखते हैं। सरकार और प्रशासन को ऐसे डॉक्टरों को सम्मानित करना चाहिए, ताकि समाज में एक सकारात्मक संदेश जाए—
मानवता किसी पुरस्कार की मोहताज नहीं होती, लेकिन सम्मान प्रेरणा को जन्म देता है।

यह घटना सिर्फ खबर नहीं, एक संदेश है—
जब भी जिंदगी और मौत के बीच कोई खड़ा हो… तो हम दर्शक नहीं, सहारा बनें।
क्योंकि दुनिया चलती रह जाती है, लेकिन मानवता वही टिकती है… जहाँ कोई डॉ. दिनेश ठाकुर जैसा इंसान धड़कनों में फिर से रोशनी भर देता है।