महिला इंस्पेक्टर पर जानलेवा हमला ..

जिले में अबैध गतिविधियों का संचालन जोरों पर है साथ ही माफियाओं के हौंसले इस कदर बुलंद है की अब वे सरकारी मुलाजिमो पर भी हमला करने से बाज नही आ रहे है ! खासकर खनिज माफियाओं का तो अपनी अलग सल्तनत है , और हो भी क्यों ना ! क्योंकि इस सोने की खान के धंधे में अधिकारीयों से लेकर राजनेताओं का परोक्ष संरक्षण है !अगर गाहे-बगाहे कोई प्रकरण सामने आता है तो तथाकथित पत्रकारों के माध्यम से मामले पर मिट्ठी डाल दी जाती है ! इस तरह जिले में खनिज के इस गोरख धंधे में सामूहिक लूट मची हुई है ! प्रगतिशील और बुद्धिजीबियों का तो यहाँ तक कहना है की माफियाओं ने जिले के पूरे तंत्र को बधिया कर दिया है ,इसमें राजनेताओं की हिस्सेदारी कुछ ज्यादा है …. राकेश प्रजापति

आज तो हद ही हो गई जब छिंदवाड़ा जिले के चौरई विकासखंड अंतर्गत भूतेरा गांव में अवैध उत्खनन रोकने गई खनिज विभाग की संयुक्त टीम पर अवैध उत्खनन करने वाले ठेकेदारो ने जानलेवा हमला कर दिया।और सरकारी वाहनों में भी लाठी डंडे और पत्थर से भारी तोड़फोड़ की।

बताया जा रहा है कि भूतेरा गांव में अवैध रेत मुरम उत्खनन की शिकायत मिलने के बाद खनिज विभाग की संयुक्त टीम के तीन स्पेक्टर महेश, विवेकानंद यादव और स्नेहलता ठवरे मौके पर पहुंचे थे‌।इस दौरान संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंच कर दबिश दी और पंचनामा तैयार किया। इसके बाद दर्जन भर से ज्यादा उत्खनन करने वाले हमलावर मौके पर पहुंच गए और खनिज विभाग की संयुक्त टीम पर जानलेवा हमला कर दिया साथ ही सरकारी वाहन में भी तोड़फोड़ की।हालांकि खनिज विभाग की टीम ने उक्त संपूर्ण घटनाक्रम की शिकायत चौरई थाने में की है शिकायत मिलने के बाद तुरंत ही चौरई पुलिस ने नामजद बंटी शर्मा सहित अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओ के तहत मामला दर्ज कर उक्त मामले को विवेचना में लिया है।

माइनिंग इंस्पेक्टर स्नेहलता ठवरे ने बताया कि सूचना पर वे भूतेरा गांव पहुंची थीं। जहां ग्वालियर के ठेकेदार के गुर्गे अवैध उत्खनन कर रहे थे। सरेआम पोकलैंड मशीन से पहाड़ी काटी जा रही थी। हमें देख ठेकेदार के सुपरवाइजर और गुर्गों ने लाठियों से हमला कर दिया, इस हमले में विभाग का वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। हम लोग किसी तरह वाहन सहित वहां से निकले और अपनी जान बचाई। जिसके बाद चौरई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उन्होंने बताया कि सबसे पहले वे पहुंची थीं और उसके बाद दो अन्य खनिज इंस्पेक्टर भी स्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि यदि हम लोग वहां से गाड़ी लेकर भागते नहीं तो वह लोग इस तरह से लठ बरसा रहे थे कि मानो जान ही ले डालेंगे।

बहरहाल चौरई पुलिस ने शिकायत के उपरांत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। जिसमे ग्वालियर के ठेकेदार बंटी शर्मा सहित अन्य लोगों पर चौरई पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं के तहत किया मामला दर्ज।