प्रदेश की विजयपुर विधानसभा सीट में उपचुनाव जीतने और बुधनी में कांग्रेस के वोट प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि के बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। विजयपुर उपचुनाव में भाजपा को करारी हार देकर कांग्रेस ने जीत दर्ज की। पार्टी नेताओं ने इसे भाजपा की नीतियों और प्रशासनिक दबावों के खिलाफ जनादेश करार दिया है ….

कांग्रेस की इस जीत पर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा को बधाई दी। वहीं, भाजपा के प्रत्याशी रामनिवास रावत को गद्दार बताते हुए नेताओं ने विजयपुर की जीत को जनता की जागरूकता का नतीजा बताया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विजयपुर और बुधनी के मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विजयपुर की जीत जागरूक जनता और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का परिणाम है। पटवारी ने कहा: “बुधनी में भाजपा के वोटों का भारी अंतर समाप्त होना बताता है कि शिवराज और भाजपा की सत्ता अब कमजोर हो रही है। यह संविधान और लोकतंत्र की जीत है। विजयपुर में प्रशासन और भाजपा की ताकत के बावजूद जनता ने लोकतंत्र को जिंदा रखा।” पटवारी ने भाजपा पर प्रशासन के दुरुपयोग और चुनाव में डकैतों से लेकर भय-प्रदर्शन के हथकंडे अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह जीत अत्याचारों और दबावों का साहसिक जवाब है।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कांग्रेस की जीत पर बधाई देते हुए कहा: “विजयपुर की जीत कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत और गद्दारी के खिलाफ स्पष्ट संदेश है। जो भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गया, उसे जनता ने करारा जवाब दिया।”
सत्य की जीत, दलबदलुओं की हार : नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस जीत को सत्य की जीत और दलबदलुओं की हार बताया। उन्होंने कहा: “भाजपा में मंत्री बनने के लिए कांग्रेस छोड़ने वाले रामनिवास रावत को जनता ने सबक सिखा दिया। कांग्रेस ने भाजपा और प्रशासन की मिलीभगत को नाकाम कर विजयपुर में परचम लहराया।” सिंघार ने पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि यह जीत मुकेश मल्होत्रा और कांग्रेस के कर्मठ कार्यकर्ताओं की है, जिन्होंने भाजपा के चुनावी हथकंडों का डटकर मुकाबला किया। कांग्रेस नेताओं ने इसे आगामी चुनावों के लिए सकारात्मक संकेत बताया है। मिडिया रिपोर्ट