छिंदवाड़ा में आज जनदर्शन के दौरान अपार जनसमूह ने पुष्पों की वर्षा कर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। जनदर्शन के पूरे मार्ग में लगातार होती पुष्पवर्षा और भारत माता की जय तथा वंदेमातरम के घोष के बीच मुख्यमंत्री श्री चौहान का विकास पर्व रथ अपार जन समूह के साथ आगे बढ़ता रहा..
घरों की छतों, स्वागत मंचों से निरंतर पुष्पवर्षा होती रही। लाड़ली बहनें और प्यारी भांजियां पुष्पवर्षा में पीछे नहीं रहीं। मुख्यमंत्री के स्वागत एवं सम्मान में बच्चे, युवाओं, महिलाओं के साथ ही बुजुर्ग भी समान रूप से उत्साहित थे। लाड़ली बहनों सहित अन्य हितग्राहियों ने विभिन्न जन-कल्याणकारी शासकीय योजनाओं के नाम और “धन्यवाद भैय्या” लिखी तख्तियाँ लहराकर मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया
जन-जन ने उत्साहवर्धक नारों- ढोल-नागाड़ों और नृत्य से अपनी भावनाएं प्रकट कीं- मुख्यमंत्री श्री चौहान छिन्दवाड़ा नगर जनदर्शन कार्यक्रम में ईमलीखेड़ा चौक, पोलाग्राउंड, राजपाल चौक, फव्वारा चौक, बड़ीमाता मंदिर, शनिचरा बाजार, लालबाग से होते हुए पुलिस ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय रोजगार दिवस और महिला सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे। मुख्यमंत्री श्री चौहान की झलक पाने और उनसे हाथ मिलाने या उनका स्नेह व आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए सभी आतुर थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान के स्वागत में जन-जन ने उत्साहवर्धक नारों, ढोल नगाड़ों और नृत्य से अपनी भावनाएं और उनके छिंदवाड़ा आगमन पर अपनी प्रसन्नता प्रकट की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भी हाथ मिलाकर, हाथ जोड़कर, पुष्प वर्षा कर जन सैलाब का अभिवादन स्वीकार किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने यात्रा में लोगों द्वारा दिए गए आवेदन पत्र प्राप्त किए तथा विकास और जनकल्याण के पथ पर निरंतर अग्रसर होने का आव्हान किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान जन दर्शन के दौरान छिंदवाड़ा स्थित प्रसिध्द अनगढ हनुमान मंदिर और बड़ी माता मंदिर पहुंचे एवं उन्होंने पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की ।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने गोलगंज में पं.मोतीलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रध्दा सुमन अर्पित किये । मुख्यमंत्री श्री चौहान से निःशुल्क स्कूटी वितरण योजना के अंतर्गत लाभान्वित छात्राओं ने भेंट की तथा उनके साथ सेल्फी ली । मुख्यमंत्री श्री चौहान ने लाभान्वित छात्राओं को दुलार किया और प्रसन्नतापूर्वक सेल्फी खिंचवाई ।