छिंदवाड़ा में बढ़ा मतदाताओं का दायरा, नई सूची ने बदली तस्वीर ..

विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के बाद छिंदवाड़ा जिले की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। नवीनतम आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 11 लाख 82 हजार 490 हो गई है, जो लोकतांत्रिक भागीदारी में बढ़ोतरी का संकेत है..

छिंदवाड़ा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के अंतर्गत जिला कलेक्टर हरेन्द्र नारायण ने प्रेस प्रतिनिधियों को बताया कि जिले की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन आज  कर दिया गया। जारी आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 11 लाख 82 हजार 490 हो गई है, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़ती भागीदारी का संकेत है। 

सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता संख्या में वृद्धि ..
जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों—जुन्नारदेव, अमरवाड़ा, चौरई, छिंदवाड़ा और परासिया में मतदाता संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है।
जुन्नारदेव में 2,22,440 मतदाता 
अमरवाड़ा में 2,57,575 मतदाता
चौरई में 2,19,123 मतदाता
छिंदवाड़ा में 2,69,769 मतदाता
परासिया में 2,13,583 मतदाता दर्ज किए गए हैं। 

इन आंकड़ों के अनुसार जिले में पुरुष मतदाताओं की संख्या 5,95,040 और महिला मतदाताओं की संख्या 5,87,435 है, जिससे जेंडर रेश्यो 987 तक पहुंच गया है, जो संतुलित मतदाता संरचना को दर्शाता है।

पुनरीक्षण प्रक्रिया में हजारों नए नाम जुड़े : मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के बाद 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 के बीच कुल 12,967 नए आवेदन (फॉर्म-6) प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश को स्वीकृति प्रदान कर मतदाता सूची में शामिल किया गया। इसके अलावा नाम विलोपन (फॉर्म-7) और संशोधन (फॉर्म-8) से संबंधित आवेदनों का भी निराकरण किया गया।

सत्यापन और डिजिटलीकरण में 95 प्रतिशत से अधिक प्रगति : विशेष पुनरीक्षण के दौरान जिले में कुल 12.26 लाख मतदाताओं में से लगभग 95.16 प्रतिशत रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण और सत्यापन किया गया, जो प्रशासन की प्रभावी कार्यप्रणाली को दर्शाता है।