श्री हनुमान लोक परियोजना का भूमिपूजन ..

आज जामसांवली में श्री हनुमान लोक परियोजना का भूमिपूजन हुआ। जिले के 7 विकास खण्डों के 711 ग्रामों में जल प्रदाय के लिए 848 करोड़ 29 लाख रुपए लागत से बनने वाली माचागोरा समूह जल प्रदाय योजना का भूमिपूजन किया गया, 1178 करोड़ 54 लाख रुपए राशि के 35 नवीन विकास कार्यों का भूमिपूजन और 258 करोड़ 75 लाख रुपए लागत के 30 कार्यों का लोकार्पण भी यहां हुआ है। इसके साथ ही छिंदवाड़ा में एक और महाविद्यालय  की स्थापना की जाएगी तथा एक शानदार ऑडिटोरियम का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छिंदवाड़ा में विकास की गंगा बह रही है….

मुख्यमंत्री श्री चौहान छिंदवाड़ा में राज्य स्तरीय रोजगार दिवस और महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए 8 लाख 34 हजार व्यक्तियों को रोजगार दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत 5 हजार करोड़ रूपये से अधिक राशि के ऋण वितरण की शुरूआत भी की। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सभी जिलों में सजीव प्रसारण हुआ। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विभिन्न जिलों में हितग्राहियों को शुभकामनाएँ दीं।

माचागोरा जल प्रदाय योजना से लाभान्वित होने वाले 711 ग्रामों से आए 711 जल कलश- मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महिला सम्मेलन और राज्य स्तरीय रोजगार दिवस में पधारे भाई बहनों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया तथा नारी सशक्तिकरण पर केंद्रित गीत के साथ कन्या पूजन व दीप  प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। माचागोरा समूह जल प्रदाय योजना से लाभान्वित 711 ग्रामों की जल कलश यात्रा के 711 कलशों का पूजन कर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने माचागोरा समूह जल प्रदाय योजना का भूमिपूजन किया। आजीविका मिशन की स्व-सहायता समूह और लाडली बहना योजना की हितग्राही बहनों ने मुख्यमंत्री श्री चौहान को विशाल राखी भेंट की। जनप्रतिनिधियों द्वारा मुख्यमंत्री श्री चौहान का विशाल पुष्प माला से स्वागत किया गया।

हमारी सरकार हर गांव के हर घर में नल से पेयजल उपलब्ध करा रही है

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से हमारी सरकार हर गांव के हर घर में नल से पेयजल उपलब्ध करा रही है, जबकि पिछली सरकारों में हेण्ड पम्प लगाने में भी मुश्किल होती थी। भारिया, सहरिया और बैगा बहनों को पौष्टिक आहार के लिए प्रतिमाह एक हजार रुपए उपलब्ध कराने की योजना,  मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में राशि उपलब्ध कराने, जल जीवन मिशन के संचालन, लैपटॉप वितरण और गर्भवती महिलाओं को सहायता उपलब्ध कराने जैसी योजनाओं को पिछली सरकार द्वारा बंद कर दिया गया।  हमारी सरकार बहन-बेटियों का जीवन सुखमय बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। गरीब और किसान परिवार की कोई बहन बेटी मजबूर न रहे, इसके लिए अनेकों योजनाएं आरंभ की गईं। बेटी बोझ न रहे और बेटा-बेटी को समान माना जाए इसी उद्देश्य से लाड़ली लक्ष्मी और कन्या विवाह जैसी योजनाएं आरंभ हुईं।