देर रात या कल सुबह जारी हो सकती है कांग्रेस की दूसरी सूची ..

प्रदेश विधानसभा चुनाव में मतदान को एक महीने से भी कम का समय बचा है। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस के पूरे प्रत्याशियों को ऐलान नहीं हो पाया है। भाजपा अभी तक 94 प्रत्याशियों और कांग्रेस के 86 प्रत्याशियों को ऐलान होना बाकि है। आज नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में बैठक हुई। कांग्रेस नेताओं ने बची हुई 86 सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम पर सहमति बना ली है….

जानकारों के मुताबिक आज देर रात या कल सुबह कांग्रेस दूसरी सूची जारी कर देगी। आज की बैठक में मध्य प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम पर आम सहमति बन गई है।पिछले चुनाव में शिवपुरी जिले के कोलारस से भाजपा के टिकट पर विधायक बने वीरेंद्र रघुवंशी इस बार कांग्रेस ज्वाइन कर चुके हैं।

वह इस बार कांग्रेस की ओर से शिवपुरी सीट से दावेदारी ठोक रहे थे, लेकिन कांग्रेस ने 144 उम्मीदवारों की लिस्ट में उनकी जगह पूर्व मंत्री केपी सिंह को मैदान में उतार दिया। अब वे विरोध जताने लगे हैं। बढ़ता विरोध देखकर कांग्रेस यहां प्रत्याशी बदलने का मन बना रही है। शिवपुरी से वीरेंद्र रघुवंशी और केपी सिंह को उनकी मूल सीट पिछोर से उतारने पर केंद्रीय चुनाव समिति ने सहमति दे दी है। सिंह यहां से 6 बार के विधायक हैं। वे सातवीं बार मैदान में होंगे।