गुंगाढ़ाना में मौत बनकर दौड़ा बेकाबू ट्रैक्टर… एक युवक की सांसें थमीं, दूसरा जिंदगी-मौत से जूझ रहा!
जुन्नारदेव इलाके के गुंगाढ़ाना में एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। बेकाबू रफ्तार से दौड़ रहे ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक सड़क पर खून से लथपथ गिर पड़े। उन्हें तत्काल जुन्नारदेव अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया, वहीं दूसरा युवक अब भी जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है।
मृतक की पहचान गितेश उईके पिता रामदास उईके, निवासी कटंगी बरेलिपार के रूप में हुई है। वहीं हादसे में सुजीत उईके गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल छिंदवाड़ा रेफर कर दिया गया है।
पल भर में उजड़ गया परिवार
बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाइक से किसी काम से जा रहे थे। तभी सामने से आ रहे बेकाबू ट्रैक्टर के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गितेश को बचाया नहीं जा सका।
गितेश की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में मातम पसर गया। घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल है। जिस घर में कभी हंसी-खुशी थी, वहां अब सिर्फ सन्नाटा और आंसू रह गए हैं।
हादसे के बाद फरार हुआ चालक
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। मानवता को शर्मसार कर देने वाली इस हरकत ने सभी को झकझोर दिया है। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कब थमेगा सड़कों पर मौत का तांडव?
गुंगाढ़ाना का यह हादसा कोई पहला हादसा नहीं है। ग्रामीण इलाकों में बेकाबू रफ्तार, बिना लाइसेंस के वाहन चलाना और ट्रैक्टरों की मनमानी आए दिन जानलेवा साबित हो रही है। सवाल यह है कि आखिर कब प्रशासन इन बेलगाम चालकों पर लगाम लगाएगा? कब तक मासूम लोग इनकी लापरवाही की कीमत अपनी जान देकर चुकाते रहेंगे?
गितेश अब इस दुनिया में नहीं है, सुजीत अस्पताल में जिंदगी के लिए लड़ रहा है। लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।