सन्नाटे में डूबी एक कुर्सी… जिस पर जिंदगी थम गई!

तामिया में सन्नाटे में डूबी एक कुर्सी… जिस पर जिंदगी थम गई! दो दिन से लापता वार्ड बॉय का शव अपने ही मकान में बैठी अवस्था में मिला, हाथ में थी शराब की बोतल ….

छिंदवाड़ा। तामिया की वादियों में मंगलवार को एक ऐसी खबर गूंजी, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वर्षों से मरीजों की सेवा में लगा वार्ड बॉय नेपाल उईके अब इस दुनिया में नहीं रहा। उसका शव उसके ही मकान में कुर्सी पर बैठी हुई अवस्था में मिला। दो दिन से लापता नेपाल की इस रहस्यमयी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट ही देगी।

बताया जा रहा है कि नेपाल उईके पिछले दो दिनों से गायब था। न अस्पताल पहुंचा, न घर में कोई हलचल दिखी। जब मकान से बदबू और सन्नाटे ने पड़ोसियों का ध्यान खींचा, तो सूचना तामिया पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, दरवाजा तोड़ा तो अंदर का दृश्य देखकर सभी सिहर उठे। नेपाल कुर्सी पर बैठा हुआ था… पर सांसें थम चुकी थीं।

पुलिस ने तत्काल पंचनामा कार्रवाई कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया है। मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी रहस्य के पर्दे में है।

चार-पांच साल से था अस्पताल की जान

परिजनों के मुताबिक नेपाल उईके पिछले चार से पांच साल से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तामिया में वार्ड बॉय के रूप में कार्यरत था। अस्पताल के गलियारों में उसकी मौजूदगी मरीजों के लिए सहारा थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें अपना बेटा, भाई, परिजन मृत अवस्था में मिला। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि नेपाल को कार्य में लापरवाही को लेकर पहले नोटिस जारी किया गया था। उसे समझाने का प्रयास भी किया गया था। लेकिन क्या एक नोटिस किसी जिंदगी की उलझन को सुलझा सकता है? यह सवाल अब अस्पताल के गलियारों में भी गूंज रहा है।

शराब की लत… शिकायतें… और एक अधूरी जिंदगी

बीएमओ भुवनेश्वर कुमार ने बताया कि नेपाल उईके शराब का आदि था। उसके संबंध में पहले भी कई बार शिकायतें मिल चुकी थीं। इसको लेकर उसे नोटिस जारी करने के साथ समझाइश भी दी गई थी। अस्पताल की टीम के साथ जब वे मौके पर पहुंचे तो नेपाल का शव मकान में मिला। उनके अनुसार उसके हाथों में शराब की बोतल भी थी।

क्या शराब की लत ने ही एक होनहार कर्मचारी की जिंदगी लील ली? क्या अकेलापन, तनाव और लत के जाल में फंसा नेपाल मदद के लिए पुकार रहा था और कोई सुन नहीं पाया? ये सवाल अब तामिया के हर जुबान पर हैं।

पीएम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

घटना के बाद तामिया पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मर्ग कायम कर सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही नेपाल उईके की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

कुर्सी पर बैठा शव, हाथ में बोतल और दो दिन का सन्नाटा… यह मौत सामान्य है या इसके पीछे कोई और कहानी छिपी है? तामिया की जनता अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जो इस रहस्य से पर्दा उठाएगी।