नया साल—बधाइयों से नहीं, बदली हुई सोच से बदलेगा देश

नया साल—बधाइयों से नहीं, बदली हुई सोच से बदलेगा देश

 ✍️ संपादकीय : राकेश प्रजापति 

देखते-देखते एक और साल बीत गया। हर बार की तरह इस बार भी हम उम्मीदों, जज्बातों और नई ऊर्जा के साथ नए साल का स्वागत करेंगे और गुजरते साल की मीठी-कड़वी यादों को भावुक विदाई देंगे। आज की रात से लेकर आने वाले कई दिनों तक सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप और संदेशों पर बधाइयों की बाढ़ आने ही वाली है।

“हैप्पी न्यू ईयर” के तमाम शोर के बीच एक सवाल खड़ा है—क्या वाक़ई नया साल कुछ नया लेकर आता है, या हम बस शुभकामनाओं के बोझ तले अपनी जिम्मेदारियों को दबा देते हैं ?

  • क्या नए साल के आते ही समाज अपनी बीमारियों से मुक्त हो जाएगा ?
  • क्या मछलियां पेड़ों पर लटकने लगेंगी ?
  • क्या कुत्ते गीत गाने लगेंगे ?
  • क्या समुद्र का पानी मीठा हो जाएगा ?
  • क्या युवा नशे की गिरफ्त से बाहर आ जाएंगे ?
  • क्या महिलाओं के साथ छेड़छाड़, शोषण और दरिंदगी खत्म हो जाएगी ?
  • क्या प्रशासनिक मशीनरी से रिश्वतखोरी गायब हो जाएगी ?
  • क्या गरीबी जादुई रूप से समाप्त हो जाएगी ?
  • क्या 80 करोड़ लोग मुफ्त राशन की लाइनों से मुक्त हो जाएंगे ?
  • क्या हर परिवार अपनी मेहनत से अपना घर बनाने में सक्षम हो जाएगा ?
  • और क्या सरकारी अस्पतालों में गरीबों को सही इलाज मिलने लगेगा ?

जवाब साफ है—नहीं !
कैलेंडर बदलने से हालात नहीं बदलते। वर्ष नहीं, विचार बदलने पड़ते हैं। तारीखों का फेरबदल तभी सार्थक है जब इंसान का नजरिया बदले, जब समाज अपनी जिम्मेदारी समझे, जब व्यवस्था को जवाबदेह बनाने का साहस हम दिखाएं और जब हम खुद अपने भीतर अनुशासन, संवेदनशीलता और ईमानदारी का संकल्प जगाएं।

नया साल शोर-शराबे का, पटाखों का या दिखावटी शुभकामनाओं का मौका नहीं है; यह आत्ममंथन का समय है। आज जरूरत है आक्रामक हौसले की, मगर शालीन मर्यादा के साथ। समाज के हर उस मुद्दे पर आवाज उठानी होगी जो विकास के मार्ग में बाधा है—भ्रष्टाचार हो या सामाजिक दुर्व्यवहार, बेरोजगारी हो या व्यवस्था की संवेदनहीनता। सिर्फ सरकारों से उम्मीद करने से बात नहीं बनेगी; नागरिक समाज को भी अपनी भूमिका समझनी होगी।

हम अपनी सोच को सकारात्मक, कर्म को जिम्मेदार और दृष्टिकोण को रचनात्मक बनाएं। नकारात्मकता, निराशा और उदासीनता से बाहर निकलें। तभी हमारी बधाइयों का अर्थ होगा, तभी “नया साल मुबारक” महज़ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि परिवर्तन का संकल्प बनेगा।

इस वर्ष का सबसे बड़ा संदेश यही हो—साल नहीं, हम बदलें। सोच नहीं, समाज बदले।
और तभी नया साल वास्तव में समृद्ध, सार्थक और गौरवशाली बनेगा।।