परतला हाउसिंग प्रोजेक्ट निरस्त: 7 साल की उम्मीदें लूटीं, अब कौन देगा जवाब ?
नगर निगम प्रशासन कटघरे में — जनता से वादाखिलाफी, सरकारी भरोसे की चूड़ी टूटी !
छिंदवाड़ा। शहर के विकास के नाम पर योजनाएँ बनती हैं और घोषणाएँ होती हैं, लेकिन हकीकत में प्रशासनिक मनमानी, भ्रष्ट मानसिकता और जवाबदेही के अभाव ने व्यवस्था को “अंधेर नगरी चौपट राजा” जैसा बना दिया है। परतला हाउसिंग प्रोजेक्ट इसका सबसे बड़ा जिंदा उदाहरण बनकर सामने आया है।
साल 2019 में नगर निगम ने 23 रो-हाउस का हाउसिंग प्रोजेक्ट लॉन्च किया, बाकायदा विज्ञापन निकले, शर्तें घोषित हुईं, नागरिकों ने भरोसा किया, बैंक से लोन लिया, किश्तें चुकाईं और अपने सपनों का घर पाने की उम्मीद में पैसा जमा किया। लेकिन 7 साल बाद नगर निगम ने लागत बढ़ने का बहाना बनाकर प्रोजेक्ट को निरस्त करने की तैयारी कर ली।
यानी
@ जनता से पैसा लिया @ घर का सपना दिखाया @ कानूनी कार्रवाई से बचते रहे, और आखिर में “कॉस्ट बढ़ी” का बहाना बनाकर हाथ खड़े कर दिए
यह केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं बल्कि खुली सरकारी धोखाधड़ी है, जिसमें जनता का आर्थिक, मानसिक और कानूनी शोषण हुआ है।
कानूनी पहलू — क्या यह फैसला वैधानिक है ?
@ भारतीय संविदा अधिनियम 1872 के तहत एक बार शर्तों सहित अनुबंध हो जाने के बाद उसे मनमाने ढंग से निरस्त करना अनुबंध उल्लंघन की श्रेणी में आता है।
@ उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 के अनुसार यह स्पष्ट रूप से “अनुचित व्यापार व्यवहार” और “सेवा में कमी” का मामला है, जहाँ पीड़ित खरीदार केस दायर कर मुआवज़ा, ब्याज और मानसिक प्रताड़ना का दावा कर सकते हैं।
@ यदि किसी भी प्रोजेक्ट को रद्द किया जाता है तो पूर्ण रिफंड + ब्याज + नुकसान की भरपाई देना संस्था की कानूनी जिम्मेदारी बनती है।
@ यदि प्रोजेक्ट जानबूझकर रोका गया, देरी की गई या निजी हितों के लिए हटाया गया तो मामला आपराधिक धोखाधड़ी (IPC 420) तक पहुँच सकता है।
सबसे बड़ा सवाल – क्या जमीन निजी हाथों में सौंपने का खेल ?
शहर में गूंज यही है कि यह निर्णय महज लागत वृद्धि का मामला नहीं, बल्कि उससे अधिक भूमाफिया और निजी सेक्टर को लाभ पहुँचाने की जमीन तैयार करना है। सवाल उठता है:
@ पहले से बिके प्रोजेक्ट को अचानक निरस्त क्यों ? @ 7 साल तक फाइलें क्यों दबी रहीं ? @ करोड़ों की भूमि अब किसके हिस्से में जाएगी ?
@ क्या किसी अधिकारी की जवाबदेही तय होगी ?
महापौर का हस्तक्षेप — लेकिन जनता की पूरी राहत कहाँ ?
एमआईसी बैठक में महापौर द्वारा प्रस्ताव अटकाना स्वागत योग्य कदम है, लेकिन यह पर्याप्त नहीं। केवल रोक देना न्याय नहीं —
👉 पीड़ितों को अधिकार चाहिए
👉 कानूनी सुरक्षा चाहिए
👉 प्रशासन से लिखित जवाब चाहिए
👉 दोषियों पर कार्यवाही चाहिए
निष्कर्ष — यह सिर्फ प्रोजेक्ट नहीं, सिस्टम पर कलंक है , परतला हाउसिंग प्रोजेक्ट का यह प्रकरण स्पष्ट कर देता है कि —
“अगर अधिकारी ही जनता से किए गए वादे तोड़ दें, तो फिर सिस्टम पर भरोसा किस बात का रहे ?”
यदि इस प्रकरण पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो यह शहर में एक खतरनाक संदेश देगा—कि जनता के अधिकार, सपने और पैसा किसी भी समय कुचला जा सकता है और कोई जवाबदेह नहीं होगा।
अब सवाल सिर्फ 23 परिवारों का नहीं, यह शहर के सम्मान, प्रशासनिक जवाबदेही और कानून के सम्मान का है।
जनता पूछ रही है — 7 साल बाद हमारा गुनहगार कौन ? और न्याय कब ?