पुलिस ने छात्राओं को दी महत्वपूर्ण जानकारी ..

जुन्नारदेव पुलिस ने बाल दिवस पर ‘मुस्कान अभियान’ के तहत बालिकाओं को दी सुरक्षा व जागरूकता की महत्वपूर्ण जानकारी

छिंदवाड़ा/जुन्नारदेव || बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर 2025 को जुन्नारदेव पुलिस द्वारा मुस्कान अभियान के तहत कन्या शिक्षा परिसर, सोमा टेकड़ी में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षा, सतर्कता और आधुनिक अपराधों के प्रति सजग करना रहा।

गुड टच-बैड टच पर व्यावहारिक जानकारी ..

पुलिस अधिकारियों ने बालिकाओं को सरल और व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से गुड टच और बैड टच की पहचान करना सिखाया। इसके साथ ही छात्रों को यह समझाया गया कि अनजान व्यक्तियों से अनावश्यक घुलने-मिलने या ऑनलाइन दोस्ती करने से क्या खतरे उत्पन्न हो सकते हैं।

पॉक्‍सो एक्ट और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों पर विस्तृत मार्गदर्शन ..

अधिकारियों ने पॉक्‍सो एक्ट, बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों के स्वरूप, रिपोर्टिंग प्रक्रिया, तथा स्वयं की सुरक्षा के तरीकों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। छात्राओं को यह भी बताया गया कि किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में तुरंत पुलिस या विश्वसनीय वयस्क को सूचित करना आवश्यक है।

साइबर क्राइम के बढ़ते खतरे और उनसे बचाव ..

तेजी से बढ़ती डिजिटल दुनिया में बढ़ते साइबर अपराधों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। छात्राओं को बताया गया कि

  • संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें,

  • अपनी फोटो/वीडियो अनजान व्यक्तियों के साथ साझा न करें,

  • बैंकिंग/ओटीपी संबंधी जानकारी किसी को न दें,

  • और किसी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में साइबर हेल्पलाइन 1930 का उपयोग करें।

  • इस जन-जागरूकता कार्यक्रम का नेतृत्व एसडीओपी सुनील वरकडे, थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश बघेल, एवं उप-थाना प्रभारी मुकेश डोंगरे द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

बड़ी संख्या में छात्राओं ने लिया लाभ ..

इस कार्यक्रम में कन्या शिक्षा परिसर की प्राचार्य श्रीमती चंद्रकला सातनकर, शिक्षिकाओं का स्टाफ और लगभग 380 छात्राएं उपस्थित रहीं। बालिकाओं ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कई सवाल भी पूछे, जिनका समाधान पुलिस अधिकारियों ने धैर्यपूर्वक किया।

 विद्यालय प्रशासन ने जताया आभार ..

शाला प्राचार्य ने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा बालिकाओं के हित में दी गई यह जागरूकता जानकारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे प्रयास छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें सुरक्षा के प्रति सजग बनाते हैं।