समाज सेवा सबसे बड़ा दायित्व, इसे संस्कृति से जोड़कर कार्य करें : कमलनाथ

हमारे देश की संस्कृति जोड़ने की संस्कृति है, दिल जोड़ने , संबंध जोड़ने , रिश्ते जोड़ने की संस्कृति है। आज की इस विषम परिस्थिति में समाज सेवा एक बहुत बड़ा दायित्व है, जो समाज सेवा करता है, वह सभी वर्गों से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ा होता है। आज फासिस्टवादी ताकतों द्वारा राजनीति का गलत तरीके से उपयोग कर हमारे समाज को बांटने का प्रयास किया जा रहा है, धर्म को, जाति को बांटने का काम किया जा रहा है, ऐसे लोगों से हमें सावधान रहने की जरूरत है ….

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रदेश कांग्रेस समाज कल्याण प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षांे को संबोधित करते हुए यह बात कही। कमलनाथ ने कहा कि आज हमारी संस्कृति पर आक्रमण किया जा रहा है, वह संस्कृति जो हमें आपस में जोड़ती है, भाईचारा बनाती है। आप इस संस्कृति को जोड़कर रखें, हमारी संस्कृति ही है, जिसके कारण आज देश का हर नागरिक चाहे वह किसी भी वर्ग, जाति, धर्म का हो, एक झंडे के नीचे खड़ा है, हमें इस संस्कृति को सुरक्षित रखना है।

बाबा साहेब का संविधान जो पूरे विश्व में विख्यात है, कई देशों ने हमारे संविधान की नकल की है, लेकिन उस संविधान पर आज आक्रमण हो रहा है। हमारे सामने संविधान को बचाने की चुनौती है । यदि हमारा संविधान गलत हाथों में चला गया तो देश का भविष्य कैसे सुरक्षित रहेगा ?

कमलनाथ ने कहा कि भाजपा के पास केवल पुलिस, पैसा और प्रशासन बचा है, यह बात वो भी समझते हैं और जनता भी समझ चुकी है। मोदी जी ने 2013 में रोजगार की बात की, लेकिन रोजगार किसी को नहीं मिला, वहीं 2019 में पाकिस्तान और राष्ट्रवाद की बात करने लगे, जिनकी पार्टी के एक भी व्यक्ति ने स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन में भाग नहीं लिया ये हमंे राष्ट्रवाद का पाठ क्या पढ़ायेंगे ?

कमलनाथ ने कहा कि शिवराज जी ने 18 वर्षों में हजारों घोषणाएं की, लेकिन उनकी घोषणाएं केवल हवाहवाई साबित हुईं। भ्रष्टाचार, अपराध, महिलाओं पर अत्याचार, किसानों की आत्महत्या, बेरोजगारी में प्रदेश नंबर एक पर था, ऐसा प्रदेश मुझे सौंपा था, शिवराज ने। भाजपा कांग्रेस के 70 सालों का हिसाब मांगती है, ये 18 सालों का हिसाब नहीं दे सकती। उन्होंने कहा कि मैंने प्रदेश में कई जनहितैषी योजनाओं की शुरूआत की, गौशालाएं बनायी, 100 रू. में 100 यूनिट बिजली, 27 लाख किसानों का कर्जा माफ किया, मिलावटखोरों से मुक्ति दिलाने शुद्ध के लिए युद्ध अभियान चलाया। भाजपा को डर था कि यह सरकार पांच साल चल गई तो हम कहीं के नहीं रहेंगे, इसलिए इन्होंने षड्यंत्र और सौदेबाजी कर हमारी सरकार गिरा दी। 15 महीने की सरकार में मैने अपनी नीति और नियत का परिचय दिया।

प्रदेश कांग्रेस समाज कल्याण प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अनुराग भार्गव ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ जी ने जो जिम्मेदारी मुझे सौंपी है, प्रकोष्ठ के सभी पदाधिकारी मिलकर प्रदेश में समाज सेवा और मानव सेवा से पार्टी की मजबूती के लिए निष्ठा से कार्य कर 2023 में कांग्रेस की सरकार बनायेंगे। उन्होंने कहा कि प्रकोष्ठ का एक-एक सिपाही पार्टी के लिए तन-मन से कार्य कर रहा है।

बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2023 को दृष्टिगत रखते हुए मिशन 2023 के साथ-साथ कांग्रेस पार्टी को प्रकोष्ठ के माध्यम से और अधिक गति देने पर संगठनात्मक चर्चा की गई।